Ram Mandir Donation Theft: राज्यसभा के सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सोमवार को एक कविता के जरिये भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लोगों से सत्ताधारी पार्टी को वोट के जरिये हटाने की अपील की और आरोप लगाया कि पार्टी ने देश और भगवान राम, दोनों को ही लूटा है।
अयोध्या राम मंदिर फंड में हेराफेरी के विवाद के बीच वरिष्ठ वकील ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 2014 के अच्छे दिन वाले नारे को झूठ करार दिया। सिब्बल ने कहा, “इस सरकार को हराओ, राम को लूटा, देश को लूटा, अच्छे दिन का नारा झूठा।”
ऐसी सरकार को हराया जाना चाहिए- कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल ने आगे कहा, “ऐसे शासन को तोड़ेंगे; मिल कर देश को जोड़ेंगे, न दिलों का होगा बंटवारा, सबका देश है देश हमारा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी सरकार को हराया जाना चाहिए और देश को बिना किसी बंटवारे के एकजुट किया जाना चाहिए।
अयोध्या में राम मंदिर के लिए इकट्ठा किए गए दान में कथित हेराफेरी को लेकर विपक्ष की बढ़ती आलोचना के बीच कपिल सिब्बल की यह टिप्पणियां आई हैं। विपक्षी पार्टियों ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने इन कथित अनियमितताओं को सिर्फ एक आर्थिक घोटाला नहीं, बल्कि आस्था के साथ धोखा बताया है। उनका तर्क है कि बीजेपी ने राम मंदिर के निर्माण को एक राष्ट्रीय आंदोलन के तौर पर पेश किया था और देश भर के श्रद्धालुओं ने इसमें योगदान दिया था।
यूपी सरकार ने एसआईटी का गठन किया
इससे पहले 13 जून को मंदिर के दान में हेराफेरी के आरोप सामने आने के बाद ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक एसआईटी का गठन किया था। इस एसआईटी में लखनऊ डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत, आईजी किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं।
एसआईटी की जांच के आधार पर कथित हेराफेरी के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं। इनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर उर्फ टिन्नू यादव का नाम शामिल है। अयोध्या की एक स्थानीय अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर दान के पैसे में कथित हेराफेरी की सीबीआई के नेतृत्व में कई एजेंसियों से जांच कराने की मांग वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
