West Bengal Election News: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कोलकाता पोर्ट निर्वाचन क्षेत्र से राकेश सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया। राकेश सिंह महज 24 घंटे पहले ही प्रेसिडेंसी जेल से रिहा हुए हैं। वह तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता और कोलकाता के महापौर फिरहाद हकीम के खिलाफ एक हाई-प्रोफाइल मुकाबले के लिए तैयार हैं।
राकेश सिंह पांच महीने से ज्यादा समय से जेल में थे। उनको कई शर्तों के साथ में जमानत दी गई। उन्हें सितंबर 2025 में कोलकाता के तंगरा इलाके में एक निजी आवास से गिरफ्तार किया गया था। वह कथित तौर पर पांच दिनों तक फरार रहे थे। 29 अगस्त 2025 को सिंह के नेतृत्व में बीजेपी समर्थकों के एक समूह ने बिधान भवन पर हमला किया, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पोस्टरों को बिगाड़ा और ऑफिस के बाहर टायर जलाए। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित रूप से निशाना बनाने वाली टिप्पणियों के विरोध में किया गया था। बीजेपी नेता ने इस घटना का लाइव प्रसारण भी किया था।
राकेश सिंह के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज थे
सिंह के खिलाफ पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज थे। उनको कई धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। इनमें चोट पहुंचाना, आपराधिक धमकी और उपद्रव से संबंधित धाराएं शामिल हैं। दक्षिण कोलकाता कांग्रेस के एक महत्वपूर्ण नेता सिंह 2019 में दिल्ली में मुकुल रॉय और कैलाश विजयवर्गीय जैसे वरिष्ठ पार्टी नेताओं की उपस्थिति में बीजेपी में शामिल हुए थे।
मार्च 2019 में बीजेपी में शामिल होने से पहले राकेश सिंह कांग्रेस में थे और उन्होंने 2016 के विधानसभा चुनाव में कोलकाता पोर्ट सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार से हार गए थे।
फरवरी 2021 में, कोलकाता पुलिस ने राकेश सिंह को ड्रग्स जब्ती मामले में गिरफ्तार किया, जब बीजेपी की साथी नेता पामेला गोस्वामी ने उन पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया। मई 2019 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के दौरान ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा को तोड़ने से संबंधित मामले में भी वह आरोपियों में शामिल थे।
पश्चिम बंगाल में कब होंगे चुनाव?
इसके साथ ही बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा की सभी 294 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में 144 नाम, दूसरी में 112, तीसरी में 19, चौथी में 13, पांचवीं में पांच और आखिरी लिस्ट में एक नाम जारी किया। पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों में किया बदलाव
बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर रही हैं। कांग्रेस ने भी दूसरे चरण के चुनाव के लिए बुधवार को अपनी एक सूची जारी की, लेकिन उसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला। पार्टी ने पहले से घोषित उम्मीदवारों में से 7 सीटों पर बदलाव किया है। पढ़ें पूरी खबर…
