साल 1972 में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में स्थित अपने पुश्तैनी गांव छाछरो को छोड़कर भारत आए सोढ़ा परिवार की एक कसम 2026 में आकर पूरी हुई है। यह परिवार उस समय पाकिस्तान के सबसे ताकतवर हिंदू परिवारों में से एक था और जब यह भारत आ गया तो उस वक्त उन्होंने यह कसम खाई थी कि वह अपनी मातृभूमि पर अपने पुराने गौरव को जरूर प्राप्त करेंगे और करीब 5 दशक के बाद उनकी यह कसम पूरी हो गई है।

24 अक्टूबर 2026 को इसी परिवार के 77 वर्षीय पदम सिंह राजस्थान के बाड़मेर जिले में बनाए गए नए गांव छाछरो के पहले सरपंच चुन लिए गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी धना राम को मात दी है। पदम सिंह को 950 वोट मिले और धना राम को 612 वोट मिले।

अपने पुराने गौरव को हासिल करने के बाद पदम के बेटे पुष्पेंद्र ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत की जिसमें उन्होंने इस जीत के बारे में और परिवार की उस कसम के बारे में बताया जो 5 दशक पहले खाई थी। पुष्पेंद्र ने एक्सप्रेस को बताया कि उनका परिवार पाकिस्तान के सिंध प्रांत के प्रभावशाली हिंदू जमींदार परिवारों में गिना जाता था। परिवार का राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव भी काफी था।

इस परिवार का पाकिस्तान में था सियासी रसूख

पुष्पेंद्र के मुताबिक, उनके परदादा ठाकुर अखिराज सिंह सोढ़ा 1937 में सिंध विधानसभा के सदस्य थे। इसके बाद अखिराज सिंह के बेटे ठाकुर लाल सिंह ने भी विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। परिवार के बड़े सदस्य लक्ष्मण सिंह सोढ़ा 1962 से 1965 तक पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति अयूब खान की सैन्य सरकार में रेलवे के डिप्टी मिनिस्टर रहे थे। वह उस समय पाकिस्तान की कैबिनेट में अकेले हिंदू नेता थे। पश्चिमी पाकिस्तान के प्रभावशाली गवर्नर मलिक आमिर मोहम्मद खान के साथ भी उनके अच्छे संबंध बताए जाते थे।

1965 के युद्ध के बाद बढ़ गई थीं मुश्किलें

पुष्पेंद्र ने बताया कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद पाकिस्तान में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने लगीं। युद्ध के बाद पाकिस्तान में अल्पसंख्यक नेताओं के प्रति संदेह बढ़ने और राजनीतिक समीकरण बदलने से सरकार के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए। 1970 में तत्कालीन राष्ट्रपति याह्या खान के शासनकाल में लक्ष्मण सिंह सोढ़ा को भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया, लेकिन परिवार की मुश्किलें कम नहीं हुईं।

71 के युद्ध में परिवार ने की थी भारतीय सेना की मदद

परिवार ने बताया कि 65 के बाद 71 में जब युद्ध हुआ तो सिंध के छाछरो इलाके में हालात और तनावपूर्ण हो गए। परिवार के अनुसार, 7 दिसंबर 1971 को जब भारतीय सेना छाछरो पहुंची तो लक्ष्मण सिंह सोढ़ा और उनके भाइयों ने इंडियन आर्मी को इलाके की जानकारी देने और उनका मार्गदर्शन करने में मदद की थी। इस सैन्य अभियान का नेतृत्व जयपुर के तत्कालीन महाराजा सवाई भवानी सिंह ने किया था, जो उस समय 10 पैरा कमांडो बटालियन की कमान संभाल रहे थे।

परिवार के 13 सदस्यों ने आर्मी के साथ ट्रेनिंग भी ली थी

पुष्पेंद्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 1971 के युद्धे के समय उनके परिवार के 13 सदस्यों ने अहमदाबाद में ट्रेनिंग भी ली थी। उन्होंने बताया कि उस समय इलाके में यह चर्चा फैल गई थी कि लक्ष्मण सिंह सोढ़ा एक बड़ी सेना के साथ वापस आ रहे हैं। परिवार ने अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया था। हालांकि, जुलाई 1972 में भारत और पाकिस्तान के बीच शिमला समझौते के बाद युद्ध के दौरान भारत के कब्जे में आए पश्चिमी पाकिस्तान के कई इलाके वापस कर दिए गए। इनमें छाछरो भी शामिल था।

भारत में नए सिरे से जीवन शुरू करना बहुत कठिन रहा

भारत आने के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए सिरे से जीवन को शुरू करने की थी। उनके पुश्तैनी घर को पाकिस्तान में एनिमी प्रॉपर्टी घोषित कर दिया गया। पुष्पेंद्र बताते हैं कि शुरुआत में परिवार चोहटन में रहा और बाद में बावड़ी कला में बस गया। शुरुआती दिनों में उन्हें टेंट और कैंपों में रहकर अपनी जिंदगी दोबारा शुरू करनी पड़ी। पुष्पेंद्र ने बताया कि भारत आने के बाद उन्हें फिर से किसान के रूप में अपनी पहचान और आजीविका को शुरू करने में बहुत मशक्कत करनी पड़ी।

2024 में बना छाछरो गांव

पुष्पेंद्र ने बताया कि 1972 से लेकर अब तक समय बीतता आया, लेकिन सोढ़ा परिवार के मन में अपने पुश्तैनी गांव छाछरो की याद बनी रही। 2024 में राजस्थान सरकार ने बावड़ी कला से अलग करके एक नया गांव बनाया जिसका नाम छाछरो रखा। इस गांव में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार रहते हैं, जिनकी जड़ें पाकिस्तान के ही छाछरो गांव से जुड़ी हुई हैं। नया गांव बनने से इन परिवारों को अपनी पुरानी पहचान और मातृभूमि से जुड़ाव को फिर महसूस करने का अवसर मिला।

पदम सिंह सोढ़ा ने चुनाव लड़ने का किया फैसला

पुष्पेंद्र ने बताया कि छाछरो गांव बनने के बाद इस गांव के लोगों को यह अनुभव मिला जैसे वह अपने पुराने गांव में लौट गए हैं। इस साल सोढ़ा परिवार के मुखिया पदम सिंह सोढ़ा ने छाछरो से पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला किया। 24 अक्टूबर को हुई मतगणना में उन्होंने 950 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी धना राम को 612 वोट मिले। इस तरह 77 साल की उम्र में पदम सिंह गांव के पहले सरपंच बन गए।

पदम सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में बताया कि इस जीत ने उन्हें पुराने घर और पुराने दिनों की याद दिला दी है। उन्होंने कहा, “इसने मुझे घर की याद दिला दी। मैं छाछरो को एक बेहतर जगह बनाना चाहता हूं।”

यह भी पढ़ें: ‘अगर भाजपा सत्ता में लौटी तो UCC लागू होगा’, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह का ऐलान

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमित शाह ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में लखनऊ में कहा कि कई प्रदेशों में UCC लागू हो चुका है, अगर पार्टी अगले साल विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापस आती है तो वह उत्तर प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करेगी। यहां पढ़ें पूरी खबर…