राजस्थान के उदयपुर से एक अनोखी खबर सामने आई है। जहां एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने पार्टी के प्रति लगाव के चलते अपने बेटे का नाम ही ‘कांग्रेस’ रख दिया। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने शख्स के ऐसा करने पर ताने मारे और मजाक उड़ाया, लेकिन बेटे के जन्म के छह महीने बाद जब वह जन्म प्रमाण पत्र लेने गया तो उसमें भी बेटे का नाम कांग्रेस जैन ही लिखवाया। जिसके बाद यह खबर पढ़कर सभी हैरत में रह गए।
क्या है मामला: राजस्थान के मुख्यमंत्री के मीडिया विभाग में काम करने वाले उदयपुर के एक व्यक्ति ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की तर्ज पर अपने बेटे का नाम कांग्रेस जैन रखने का फैसला किया है। विनोद जैन का मानना है कि यह उनके बच्चे के लिए उपयुक्त नाम है, क्योंकि उनका पूरा परिवार हमेशा कांग्रेस पार्टी से जुड़ा रहा है। जैन ने यह भी कहा है कि उनके लड़के का नाम कांग्रेस के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह चाहते हैं कि उनकी आने वाली पीढ़ियां पार्टी के प्रति निष्ठा रखें और पीढ़ियों तक उनका पालन करें।
सीएम गहलोत से मिलती है प्रेरणा: विनोद जैन का कहना है कि वे कांग्रेस पार्टी और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के प्रति बेहद समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि वे सबसे पहले छात्र संगठन NSUI से जुड़े और फिर राजसमंद में इसके जिला महासचिव भी रहे। उन्होंने बताया कि वह अभी सोशल मीडिया पर सीएम गहलोत के समर्थन में अभियान चला रहे हैं। जैन डिजिटल प्लेटफार्म संचालित करने वाली टीम के सदस्य भी हैं।
बड़ा होकर कांग्रेस में होगा शामिल: अशोक जैन ने कहा कि जब मैंने अपने बेटे का नाम कांग्रेस रखा तो परिवार के कुछ लोगों ने इसपर एतराज जताया लेकिन मैंने उसका नाम कांग्रेस जैन ही रखा। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा जुलाई 2019 में पैदा हुआ था, जिसके कुछ महीने बाद जब मैं उसका बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने गया तो मैंने उसका नाम कांग्रेस रजिस्टर्ड करवा दिया। बकौल जैन मेरे लिए सीएम गहलोत प्रेरणा का काम करते हैं और मेरा बेटा भी जब 18 साल का पूरा होगा तो वह भी कांग्रेस में राजनीतिक रूप से सक्रिय होगा।