Weather Update: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

1 जून से 6 जून तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जानकार मानते हैं कि इस बारिश की वजह से किसानों की फसलों पर भी असर पड़ सकता है।

उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी आंधी-तूफान की संभावना है। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात में भी 4 जून तक लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

उत्तराखंड को लेकर मौसम विभाग ने विशेष जानकारी दी है। वहां भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। केदारनाथ में भी मौसम बदला है। पैदल मार्ग पर चल रहे यात्रियों को निकटतम पड़ावों और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन भीषण गर्मी भी लोगों को परेशान नहीं करेगी।

मौसम में आए इस बदलाव का सबसे सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर पड़ा। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) घटकर 85 पर पहुंच गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 दिल्ली के लिए 2021 के बाद सबसे स्वच्छ मई महीनों में शामिल हो गया है। महीने के दौरान अधिकांश दिन मध्यम श्रेणी में रहे, जबकि संतोषजनक श्रेणी वाले दिनों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

हालांकि दिल्ली में मौसम ने राहत दी, लेकिन नोएडा के लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। नोएडा को ‘नो पावर कट जोन’ का दर्जा प्राप्त होने के बावजूद पिछले करीब दस दिनों से लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं।

ये भी पढ़ें- देश भर में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े