‘एक देश-एक मॉडल’ की तर्ज पर देश में जल्द ही राजमार्गों से जुड़ी रेलवे योजनाएं भी एक समान प्रारूप में नजर आएंगी। राजमार्ग से जुड़ी रेल परियोजनाओं, जैसे पैदल पारपथ, भूमिगत पारपथ समेत अन्य योजनाओं के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नई व्यवस्था लागू की है। इसका मकसद परियोजनाओं में एकरूपता लाने के साथ-साथ उन्हें तेजी से लागू करना है।
नई व्यवस्था से रेलवे की ढांचागत परियोजनाओं की मंजूरी प्रक्रिया में भी तेजी आने की उम्मीद है। अब तक ऐसी परियोजनाओं के लिए स्थानीय स्तर यानी क्षेत्रीय कार्यालयों की संस्थाओं की मंजूरी का इंतजार करना पड़ता था, जिससे कई काम अटक जाते थे।
स्थानीय मंजूरी से अटकने वाली योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
राजमार्ग से जुड़ी निर्माण परियोजनाओं को आसान बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राजमार्गों को पार करने वाले रेलवे ढांचों के लिए एक सामान्य प्रारूप (जीएडी) तैयार किया है। आने वाले दिनों में रेलवे के साथ तैयार होने वाली सभी संबंधित परियोजनाओं पर यही मॉडल लागू होगा। सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर रेलवे की मंजूरी में होने वाली देरी के कारण कई काम लंबित हो रहे थे। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) उन जगहों पर लागू होगी, जहां से राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं।
इन परियोजनाओं के लिए संबंधित प्रशासन और एनएचएआई की मंजूरी जरूरी होगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रस्तावित कार्य से राजमार्ग की सुरक्षा और उसके संचालन पर कोई असर न पड़े। अधिकारियों के मुताबिक, एक जैसी प्रक्रिया लागू करने का मकसद तय मानकों का पालन सुनिश्चित करना और परियोजनाओं में होने वाली देरी को कम करना है।
योजना तैयार करते समय भविष्य में राजमार्ग के विकास, यातायात सुरक्षा, सीवर और अन्य जरूरी सुविधाओं की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाएगा। पूरी प्रक्रिया में राजमार्ग की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। राजमार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण और पहुंच मार्ग तैयार करने की प्रक्रिया में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इससे आम लोगों को राजमार्ग पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हाईवे में बदलाव हुआ तो रेलवे उठाएगा पूरा खर्च
एसओपी के मुताबिक, राजमार्ग को पार करने वाले या राजमार्ग के दायरे में प्रस्तावित रेलवे निर्माण से जुड़े सर्वेक्षण, प्रारूप तैयार करने, निर्माण, मंजूरी और काम पूरा करने का खर्च भारतीय रेल या काम करने वाली एजेंसी उठाएगी। यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी, जब तक इस संबंध में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया जाता। यह नियम उन मामलों में भी लागू होगा, जहां रेल परियोजना के लिए रेल मंत्रालय, रेलवे की एजेंसियों या किसी अन्य कार्यान्वयन एजेंसी की ओर से धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई हो।
एनएचएआई के अधीन आने वाले मार्गों पर संबंधित एजेंसी की मंजूरी लेना जरूरी होगा। कार्य योजना के मुताबिक, रेल परियोजना के कारण मौजूदा या प्रस्तावित राजमार्ग के कैरिजवे, सर्विस रोड, ढांचे, जल निकासी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं नियंत्रण उपकरण, रोड फर्नीचर या राजमार्ग की अन्य संपत्तियों में किसी भी तरह का बदलाव होता है तो उसका खर्च भारतीय रेलवे को उठाना होगा।
यह भी पढ़ें: हाईवे किनारे ढाबा-रेस्टोरेंट खोलना पड़ेगा भारी, महाराष्ट्र में अवैध निर्माण हटाने का 60 दिन का टारगेट, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बड़ा एक्शन
महाराष्ट्र सरकार ने नेशनल हाईवे के किनारे बने अवैध ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक ढांचों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। राज्य सरकार ने शहरी निकायों को 60 दिनों के भीतर नेशनल हाईवे की राइट ऑफ वे (ROW) यानी सरकार द्वारा अधिग्रहित और आरक्षित जमीन पर बने सभी नए और पुराने बिना लाइसेंस वाले ढांचों को हटाने और गिराने का निर्देश दिया है। साथ ही इस क्षेत्र में नए ढाबे, खाने-पीने की दुकानें या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाने पर भी रोक लगा दी गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
