कांग्रेस ने कहा है कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से नहीं हटाया जाता, वह विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। कांग्रेस ने अपनी सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिया है कि वे 8 अक्टूबर को राज्य/जिला, ब्लॉक/मंडल स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन करें।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर और इसके आस-पास के इलाकों में बुधवार को भी कांग्रेस और विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के कई सांसद बुधवार को सड़क पर उतरे।

आकाशवाणी के दफ्तर में दिया था धरना

मंगलवार को भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अन्य विपक्षी नेताओं के साथ निर्वाचन आयोग तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कई घंटे तक आकाशवाणी के दफ्तर में धरना दिया था। देर शाम पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और बाद में रिहा कर दिया था।

बुधवार को एक बार फिर राहुल और प्रियंका ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोला। राहुल, प्रियंका और खड़गे ने जनपथ से जंतर-मंतर की तरफ जाने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और दिल्ली पुलिस के जवान काफी देर तक आमने-सामने रहे।

लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के करीब 300 सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य निर्वाचन आयुक्त नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को खत्म किया है। लोकसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि इन सभी पर कार्रवाई होगी और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। मौके पर सुरक्षाबलों की मौजूदगी के बीच काफी देर तक नारेबाजी होती रही। पुलिस द्वारा जंतर-मंतर जाने से रोके जाने का प्रियंका गांधी वाड्रा ने विरोध किया और वह सड़क पर लेट गईं।

राहुल गांधी को बाराखंबा पुलिस थाने ले जाया गया जबकि प्रियंका को पुलिस दिल्ली के ही छत्रसाल स्टेडियम में ले गई। बाद में दोनों नेताओं को रिहा कर दिया गया।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया लंच

इससे पहले विपक्षी दलों के सांसदों को मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से लंच के लिए जनपथ रोड पर स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में बुलाया गया और यहां विपक्षी सांसदों के साथ उन्होंने आगे की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद सभी सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए लेकिन पुलिस ने सभी को अशोक रोड पर स्थित शांगरी-ला होटल के सामने रोक दिया। लंच में कांग्रेस, ममता बनर्जी के गुट वाली तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के सांसद शामिल हुए।

समाजवादी पार्टी, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का कोई सांसद इसमें शामिल नहीं हुआ। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि दोपहर के लंच का फैसला मंगलवार देर रात को लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दी गई, इसलिए कुछ दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और अन्य विपक्षी दल वोट चोरी, एसआईआर और परिसीमन के खिलाफ एकजुट हैं तथा एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।

यह भी पढ़ें- समाजवादी पार्टी ने इंडिया गठबंधन की लंच मीट में हिस्सा क्यों नहीं लिया?

जब 7 अक्टूबर को विपक्षी सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिए लंच के लिए जनपथ के सागर रत्ना में इकट्ठा हुए, तो समाजवादी पार्टी गायब थी। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और पार्टी के दूसरे सांसदों की गैरमौजूदगी साफ दिखी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।