Rahul Gandhi Trade Deal Statement: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बयान पर बवाल जारी है। बुधवार को संसद में बजट पर बोलते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका संग ट्रेड डील में भारत के हितों को बेच दिया गया। अब उनके इस बयान पर बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने है। बीजेपी जहां इस बयान की निंदा कर रही है। वहीं, कांग्रेस नेता इसे सही बताकर राहुल गांधी का बचाव कर रहे हैं।

सदन में नेता प्रतिपक्ष के दिए बयान की निंदा करते हुए बीजेपी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु द्विवेदी ने कहा – राहुल गांधी, जहरीले झूठ फैलाने और फिर विदेश भाग जाने में यकीन करते हैं। पार्लियामेंट्री कार्रवाई के दौरान उनका बर्ताव सुस्त रहा है। सदन में कांग्रेस पार्टी का बर्ताव सड़क किनारे जैसा ही रहा है। पार्लियामेंट्री माहौल में ऐसा बर्ताव ठीक नहीं है।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने देखा कि कैसे महिलाओं को ढाल की तरह इस्तेमाल किया गया जब लोग बैनर लेकर ट्रेजरी बेंच की ओर बढ़ रहे थे, इससे शाहीन बाग की यादें ताजा हो गईं…। संसद में सड़क जैसा व्यवहार कहीं से उचित नहीं है।”

वहीं, केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “राहुल गांधी जानबूझकर बार-बार ऐसा करते हैं, अपने भाषण के बाद, जो आम तौर पर झूठ और आरोपों से भरा होता है, वह भाग जाते हैं, और वह मंत्री का जवाब सुनने के लिए कभी नहीं बैठते। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे पास विपक्ष के नेता के पद के लायक कोई बहुत गंभीर स्वभाव या गंभीर चरित्र वाला व्यक्ति नहीं है।”

उन्होंने कहा, ” हमारी पार्टी ने यह स्टैंड लिया है कि हम राहुल गांधी के झूठ का बाहर तो मुकाबला करेंगे, लेकिन सदन के अंदर एक नोटिस जारी किया जाएगा। हम स्पीकर को नोटिस देंगे। राहुल गांधी ने वादा किया है कि वह ऑथेंटिकेट करेंगे, लेकिन मुझे पता है कि वह ऑथेंटिकेट नहीं कर सकते क्योंकि उन्होंने झूठ बोला। उन्होंने सदन में झूठ बोला।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उन्होंने बिना कोई नोटिस दिए मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विशेषाधिकार का गंभीर उल्लंघन है। हम स्पीकर के पास जरूरी नोटिस फाइल करेंगे। LoP ने बजट चर्चा में कोई काम का और कोई ठोस योगदान नहीं दिया। वह सिर्फ बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे।”

उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा था कि जब फाइनेंस मिनिस्टर आज शाम 5 PM बजे बजट पर जवाब दें तो वह सदन में मौजूद रहें। अपनी स्पीच के बाद, वह तुरंत सदन से बाहर चले गए। नियम यह है कि एक बार कोई सदस्य अपनी स्पीच दे दे, तो वह अपनी स्पीच खत्म होने के तुरंत बाद सदन नहीं छोड़ सकता।”

इधर, राहुल गांधी के बयान का बचाव करते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “जब राहुल गांधी ने कहा कि वे डेटा को ऑथेंटिकेट करेंगे, तो चेयर ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया। आज राहुल ने उनके राज सबके सामने खोल दिए हैं। उनके पास देने के लिए कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि इस डील (इंडिया-US ट्रेड डील) में देश बिक गया है।”

गौरतलब है कि बुधवार को संसद में बोलते हुए राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष पर कड़ा प्रहार किया। भारत-US अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए, नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर देश के हितों से समझौता करने का आरोप लगाया और पूछा कि क्या उन्हें “भारत को बेचने में शर्म नहीं आती,” और आरोप लगाया कि उन्होंने असल में “भारत माता को बेच दिया है।”

लोकसभा में बोलते हुए, राहुल ने कहा कि सरकार ने खुद माना है कि दुनिया एक ग्लोबल तूफान का सामना कर रही है, जिसमें एक सुपरपावर का दौर खत्म हो रहा है, जियोपॉलिटिकल झगड़े बढ़ रहे हैं, और एनर्जी व फाइनेंस का हथियारीकरण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सच्चाई को पहचानने के बावजूद, सरकार ने अमेरिका को एनर्जी और फाइनेंशियल सिस्टम को इस तरह से हथियार बनाने की इजाजत दी है जिससे भारत पर असर पड़े।

‘मोदी सरकार ने ट्रेड डील में भारत को बेचा’, राहुल गांधी ने बताया उनकी सरकार डोनाल्ड ट्रंप से कैसे करती बात