Rahul Gandhi Supreme Court petition: सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल की याचिका में 14 कमियां पाई हैं। रजिस्ट्री के मुताबिक, याचिका में कुछ जरूरी दस्तावेज नहीं है। इनमें 9 याचिकाकर्ताओं के लिए अधूरे ऑथराइजेशन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आईडी कार्ड की धुंधली कॉपी और कोर्ट-फीस में 220 रुपये की कमी शामिल है। इन कमियों को ठीक करने के बाद ही मामले को सुनवाई के लिए लिस्ट किया जा सकता है।
सोमवार शाम को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नौ नेताओं ने मुख्य चुनाव आयोग के वोटर लिस्ट के एसआईआर में कथित गड़बड़ी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक रिट याचिका दाखिल की थी।
याचिका दाखिल करने से पहले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में बाराखंबा से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। इसके बाद राहुल गांधी की लीगल टीम ने याचिका दाखिल की। यह याचिका राहुल बनाम चुनाव आयोग नाम से सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर लिस्ट हैं।
किन-किन नेताओं ने किए हस्ताक्षर?
बार एंड बेंच के मुताबिक, याचिका में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा, तृणमूल कांग्रेस-ममता बनर्जी के सांसद सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव, संजय राउत, सीपीआई (एम) नेता एमए बेबी, सीपीआई के नेता डी राजा, जेएमएम के नेता महुआ माझी, एनसीपी शरद पवार की सांसद सुप्रिया सुले और आईयूएमएल के नेता ईटी मुहम्मद बशीर और अन्य हस्ताक्षर किए हैं।
याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए आरोप
याचिका में वोटर लिस्ट के एसआईआर से संबंधित चुनाव आयोग के आतंरिक रिकॉर्ड पेश करने, वोटर लिस्ट का स्वतंत्र ऑडिट कराने और सभी राज्यों में इस प्रक्रिया को अंतरिम रूप से निलंबित करने की मांग की गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि CEC ज्ञानेश कुमार ने अन्य आयुक्तों की जानकारी, मंजूरी या सहमति के बिना आयोग की शक्तियों का इस्तेमाल किया। विपक्षी नेताओं ने अपनी याचिका में 10 बिंदुओं पर निर्देश देने की मांग की है।
क्या की गई है मांग?
- याचिका में पहली मांग की गई कि चुनाव आयोग की एसआईआर से जुड़ी फाइलें, मीटिंग के मिनट्स, चुनाव आयुक्तों द्वारा लिखी गई टिप्पणियां और आपत्तियां, साथ ही ECINET और ERONET एक्सेस लॉग्स पेश करने का निर्देश दिया जाए।
- दूसरे बिंदु में मांग की गई कि 24 जून 2025 को पूरे देश में SIR शुरू करने के फैसले वाली पूरी फाइल पेश करने का निर्देश दिया जाए।
- तीसरे में यह जाँच करें कि क्या फैसले आर्टिकल 324, 2023 के CEC एक्ट की धारा 18 और TN शेषन के फैसले के मुताबिक थे; बिना कानूनी अधिकार के लिए गए किसी भी फैसले को रद्द करने की मांग की जाए।
- चौथे में नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जिसमें RP एक्ट, 1950 की धारा 32 के तहत कार्रवाई भी शामिल है।
- पांचवां मांग की गई कि निर्देश कि जब तक मामले का फैसला न हो जाए, तब तक SIR का हर फैसला धारा 18 के मुताबिक लिया जाए और उसका रिकॉर्ड (मिनट्स) रखा जाए।
- छठवीं मांग की गई कि ऑनलाइन फ़ॉर्म 6 का ‘रजिस्ट्रेशन ऑफ इलेक्टर्स रूल्स-1960’ के अनुसार होना जरूरी है, जब तक कि नियमों में बदलाव न किया जाए।
- सातवीं मांग की गई कि SIR के तहत हटाए गए नामों और वोटर-लिस्ट डेटाबेस तक पहुँच का ऑडिट करने, और EVM प्रक्रियाओं की ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिस के आधार पर समीक्षा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाए।
- आठवीं मांग की गई कि हटाए गए नामों को बूथ-वार प्रकाशित करना, जिसमें कारण, लिंग और उम्र का विवरण हो, साथ ही नामों को वापस जोड़ने की व्यवस्था हो।
- नौवीं मांग की गई कि बिना नोटिस और सुनवाई के नाम नहीं हटाए जाएं; पंजाब और चुनाव वाले अन्य राज्यों में योग्य लोगों को आखिरी तारीख तक नाम शामिल करवाने की अनुमति दी जाए।
- इसके अलावा दसवीं मांग की गई कि सभी राज्यों में SIR पर फिलहाल रोक लगाई जाए।
यह भी पढ़ें: ‘वोट चोरी या दिल चोरी?’ राहुल गांधी पर हिमंता सरमा का तीखा तंज, गिनाए कांग्रेस की हार के साल
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में मतदाता सूची की गहन समीक्षा जरूरी है, क्योंकि असम समेत कई राज्यों में जनसांख्यिकीय बदलाव और बांग्लादेश से घुसपैठ के मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
