Rahul Gandhi News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि वह केरल में एक महिला मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद कर रहे हैं। उनके इस बयान का वहां मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ समर्थन किया। राहुल गांधी ने कोट्टायम के पुतुपल्ली में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस द्वारा घोषित ‘गारंटी’ पर बात की जो उसने केरल की सत्ता में आने पर जनता को देने का वादा किया है।

इनमें महिलाओं को राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए 1000 रुपये की मासिक सहायता शामिल है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि महिलाएं केरल के विकास में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने जनसभा में शामिल उत्साहित लोगों के बीच कहा, ”दरअसल, हम उस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब केरल की मुख्यमंत्री एक महिला होंगी।” उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि उनके इस बयान पर पुरुष उत्साह से तालियां नहीं बजा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘राहुल गांधी कई बार नक्सलियों के हमदर्दों के साथ देखे गए’, लोकसभा में अमित शाह बोले- भारत अब नक्सल मुक्त

केरल की महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, ”हम चाहते हैं कि केरल की महिलाएं अपने सपनों को साकार करें। वे जो भी करना चाहें, हम चाहते हैं कि वे उसमें सफल हों।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि महिलाओं को जहां चाहें वहां जाने और अपनी पसंद की नौकरियां करने की स्वतंत्रता हो। राहुल गांधी ने कहा,”इस उद्देश्य के लिए, हमारी गारंटी में केएसआरटीसी (केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की)बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल है।”

राहुल गांधी ने चलाई साइकिल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पुतुपल्ली की जनसभा के बाद मौजूदा विधायक चांडी ओमन और कांग्रेस उम्मीदवार के साथ सड़क पर साइकिल चलाई। ओमन अपने चुनाव प्रचार के हिस्से के रूप में साइकिल चला रहे हैं। दोनों नेताओं ने कुछ किलोमीटर तक साइकिल चलाई। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उनके साथ दौड़ते नजर आए। राहुल गांधी और ओमन जब साइकिल चला रहे थे तब सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोग तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ा रहे थे।