राहुल गांधी ने बुधवार को लोकसभा में बोलते हुए कहा कि कई बार सदन में उन्हें बोलने से रोका गया। राहुल गांधी ने कहा कि सदन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और स्पीकर की भूमिका पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनका नाम लेकर उनके बारे में गलत बातें कही जाती हैं, लेकिन जब वह जवाब देने या अपनी बात रखने के लिए खड़े होते हैं तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पिछली बार जब उन्होंने बोलने की कोशिश की थी, तब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कुछ ‘समझौतों’ पर बुनियादी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन उन्हें बार-बार रोक दिया जाता है।
यहां चर्चा डेमोक्रेटिक प्रोसेस और स्पीकर की भूमिका के बारे में है। कई बार मेरा नाम लिया गया है और मेरे बारे में अजीब बातें कही गई हैं। यह सदन भारत के लोगों की आवाज है। यह किसी एक पार्टी को नहीं, बल्कि पूरे देश को रिप्रेजेंट करता है। हर बार जब हम बोलने के लिए उठते हैं, तो हमें बोलने से रोक दिया जाता है। पिछली बार जब मैंने बात की थी, तो मैंने हमारे पीएम द्वारा किए गए समझौतों के बारे में एक बुनियादी सवाल उठाया था…
-राहुल गांधी
रविशंकर प्रसाद ने किया पलटवार
बीजेपी की तरफ से राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने दिया। राहुल गांधी के दावों को गलत बताते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा, “मैं LoP को याद दिलाना चाहता हूं कि PM नरेंद्र मोदी से कभी समझौता नहीं किया जा सकता। मैं एक और बात कहूंगा: क्या पॉइंट ऑफ ऑर्डर में बहस की इजाजत है? नहीं है।”
इसके बाद रविशंकर प्रसाद ने ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के लाए गए नो-कॉन्फिडेंस मोशन पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “मुझे यह मोशन समझ नहीं आ रहा है। गौरव गोगोई ने पूछा कि किताब को कोट करने में क्या दिक्कत है। किताब, जो कभी पब्लिश नहीं हुई, सर्कुलेट हो गई। कोई इसे कैसे ऑथेंटिकेट कर सकता है?”
उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे पार्लियामेंट की कार्यवाही का इस्तेमाल “किसी नेता के ईगो” को संतुष्ट करने के लिए न करें। उन्होंने कहा, “स्पीकर के खिलाफ विरोध के हथियार का इस्तेमाल किसी नेता के ईगो को संतुष्ट करने के लिए न किया जाए।”
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी राजनीति में नहीं होते तो क्या करते?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि अगर वह राजनीति में नहीं होते, तो शायद वह एयरोस्पेस क्षेत्र में कोई काम या कारोबार कर रहे होते। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
