दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में 20 से अधिक दल शामिल थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि देशद्रोह के लिए ज्ञानेश कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।”

हम मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “आप विपक्ष के हो तो आपको यह समझना होगा। यह देश जो है, यह नफ़रत का नहीं है। हम ना नरेंद्र मोदी से नफरत करते हैं, ना अमित शाह से नफरत करते हैं, ना ज्ञानेश कुमार से नफरत करते हैं। हम मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं। हम हिंसा वाले लोग नहीं हैं, हम अहिंसा वाले लोग हैं। मगर नरेंद्र मोदी जी, अमित शाह जी, ज्ञानेश कुमार जी, आपने देश की आत्मा पर आक्रमण किया है। आपने देश के संविधान पर आक्रमण किया है। आपने देश के लोकतंत्र पर आक्रमण किया है। यह बात हम स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। हमारे लिए मेरे लिए कोई दुश्मन नहीं है। ना नरेंद्र मोदी दुश्मन हैं, ना अमित शाह दुश्मन हैं, ना ज्ञानेश कुमार दुश्मन हैं।”

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मगर हमारे लिए सबसे जरूरी चीज, धर्म से भी जरूरी चीज मेरे लिए हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज है। उन्होंने कहा, “अगर आप मुझसे पूछो आपका धर्म क्या है, मैं आपको जवाब दूंगा कि हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज बुलंद होनी चाहिए, सुनाई देनी चाहिए, वो मेरा धर्म है। वो कोई भी हो, चाहे वो नरेंद्र मोदी हों, अमित शाह हों, ज्ञानेश कुमार हों, आरएसएस के लोग हों। हम उनके खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। हम उनको मारेंगे नहीं, हम उनको काटेंगे नहीं, हम नफ़रत नहीं फैलाएंगे, हम प्यार से काम करेंगे। मगर हम आपको संविधान को नष्ट नहीं करने देंगे। कुछ भी हो जाए, नहीं करने देंगे। यह हममें और आपमें फर्क है।”

‘हमारा धर्म कहता है कि कोई दुश्मन नहीं है’

राहुल गांधी ने कहा, “हमारा धर्म कहता है कि कोई दुश्मन नहीं है। किसी से नफरत नहीं करनी है। सबसे सीखना है। मोहब्बत से काम करना है। हर व्यक्ति की आवाज को बचाना है। गांधी जी ने कहा था, आखिरी व्यक्ति जो पंक्ति में खड़ा है, उसकी आवाज सबसे जरूरी होती है, वही हम कह रहे हैं। हिंदुस्तान में जो लाइन में सबसे अंत में खड़ा हुआ है, उसकी आवाज़ की हमें रक्षा करनी है। चाहे वो हिंदू हो, मुसलमान हो, सिख हो, आदिवासी हो, दलित हो, महिला हो, विकलांग हो, जो भी है। सबको हमें बचा के रखना है, नफरत मिटानी है। नरेंद्र मोदी जी ने, अमित शाह जी ने, आरएसएस ने इस देश में नफरत फैला दी है। यह भीड़ चिल्ला रही है कि हमें नफरत नहीं चाहिए, हमें मोहब्बत चाहिए, हमें भाईचारा चाहिए, हमें दुश्मनी नहीं चाहिए। हमें प्यार और मोहब्बत का देश चाहिए। यही हम करके दिखाएंगे।”

यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन की रैली के जवाब में बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ मार्च

इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के जवाब में भाजपा ने दिल्ली और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजिकता हटाओ’ मार्च किया। रोहतक में इस मार्च की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पढ़ें पूरी खबर