कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच राहुल गांधी ने अब गिग वर्कर्स को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को दावा किया कि महिला गिग वर्कर्स अन्याय और शोषण का सामना कर रही हैं, लेकिन केंद्र और कई प्रदेशों की भाजपा सरकारें आंख मूंदकर बैठी हुई हैं।
महिला गिग वर्कर्स से राहुल ने की बात
राहुल गांधी ने पिछले दिनों अपने ‘जनसंसद’ कार्यक्रम में महिला गिग वर्कर्स के एक समूह से मुलाकात कर उनके मुद्दों को लेकर बातचीत की। राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से समाज के अलग-अलग वर्ग के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, जिन्हें उन्होंने ‘जनसंसद’ नाम दिया है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ”कुछ दिन पहले जनसंसद में गिग वर्कर्स के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात हुई। बातचीत से साफ हुआ कि गिग अर्थव्यवस्था के फ़ायदे मजदूरों तक पहुंचाने के लिए मजबूत और ज़िम्मेदार सरकारी कार्रवाई जरूरी है।”
राहुल गांधी का कहना है, ”आज गिग वर्कर्स के पास न स्थिर आय है, न सामाजिक सुरक्षा, न चिकित्सा/बीमा जैसी बुनियादी सुविधाएं। कार्य-जीवन संतुलन टूटा हुआ है और बुनियादी मानवीय सम्मान भी छिन रहा है।”
राहुल गांधी ने दावा किया, ”महिला गिग वर्कर्स दोहरे शोषण का शिकार हैं। आर्थिक असुरक्षा के साथ-साथ सम्मान और सुरक्षा का अभाव भी है। सहयोग देने के बजाय उनसे श्रम की गरिमा छीनी जा रही है। इस व्यवस्था में वर्ग और जाति आधारित भेदभाव गहराई से जुड़ा है। गिग वर्क क्षेत्र में बड़ी संख्या में दलित-आदिवासी समुदायों के श्रमिक हैं, जिनके साथ शोषण और बढ़ जाता है।”
बीजेपी पर राहुल ने साधा निशाना
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकारें इस अन्याय पर आंख मूंदे हैं और न मजबूत क़ानून है, न सामाजिक सुरक्षा, न ही गिग कंपनियों की जवाबदेही है। राहुल गांधी ने कहा, ”कांग्रेस की सरकारें अधिकार आधारित क़ानूनों पर काम कर रही हैं, ताकि गिग वर्कर को सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम आय और समानता का अधिकार मिल सके। हम अपने राज्यों में एक मॉडल क़ानूनी ढांचा बना रहे हैं, जिसे देशभर में लागू किया जा सके।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गिग वर्कर की लड़ाई सिर्फ़ रोजगार की नहीं, बल्कि यह सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। पढ़ें राहुल ने पीएम मोदी से पूछे ये पांच सवाल
(यह भी पढ़ें- अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर राहुल गांधी ने साधा निशाना)
