प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छात्रों और युवाओं को अपनी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताए जाने पर राहुल गांधी ने कटाक्ष किया है। पीएम नरेंद्र मोदी के X पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाया है।”

राहुल गांधी ने कहा, “आपने न सिर्फ हमारी शिक्षा व्यवस्था पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया – और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।” इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने आगे कहा, “छात्रों की मांगें साफ हैं: एक, धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं, दो- छात्रों से माफी मांगे, तीन – छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।”

प्रियंका गांधी बोलीं – नेतृत्व दिखाने का समय आ गया है

पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह नेतृत्व दिखाने का समय है, पीएम मोदी को छात्रों की मांग माननी चाहिए और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन्होंने छात्रों का मारा-पीटा है, उनपर एक्शन होना चाहिए। सिस्टम पर छात्रों का भरोसा नहीं रहा है। बच्चा सिस्टम द्वारा दिया गया समाधान नहीं मानेगा। वो पहले बच्चों की मांगें पूरी करें, सरकार बच्चों की मांग नहीं सुन रही है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि कल रात को बच्चों के साथ मारपीट हुई है, आज सुबह कह रहे हो कि हमें बच्चों की बहुत परवाह है। अगर बच्चों की चिंता है तो उन्हें बुलाओ और बात करो।

मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- एसी कमरों से निकलकर युवाओं की आंखों में देखो 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के बयान को भड़काऊ करार दिया। उन्होंने कहा कि  शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, तभी हम बातचीत के लिए तैयार होंगे। इससे पहले एक एक्स पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की देखरेख में शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो गई है। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा किए गए ऐलान को खोखली बात कहा।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने युवाओं पर लाठीचार्ज किया, पैलेट गन और शॉक बैटन का इस्तेमाल किया और बिना किसी डर के बेरहमी से बर्बरता की, मानो वे हमारे अपने बच्चे ही न हों। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अपने एयर-कंडीशंड महलों से बाहर निकलिए और उन युवा पुरुषों और महिलाओं की आँखों में देखिए जो आपकी तानाशाही के खिलाफ लड़ते हुए सड़कों पर लहूलुहान हुए।

यह भी पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों के प्रदर्शन पर क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के तुरंत सुलझाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें