असम: कांग्रेस का घोषणापत्र जारी, CAA रद्द करने सहित किए पांच बड़े वादे
इस घोषणापत्र में कांग्रेस ने असम की जनता से सीएए रद्द करने जैसे पांच बड़े वायदे किए हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुवाहाटी में असम विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणापत्र में कांग्रेस ने असम की जनता से सीएए रद्द करने जैसे पांच बड़े वादे किए हैं। इस घोषणा पत्र में पांच लाख सरकारी नौकरियों का वादा भी किया गया है। साथ ही महिलाओं को 2000 रूपये तक का पेंशन देने की बात भी कही गई है। माना यह जा रहा है कि असम में कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान इन्हीं पांच बड़े वादों पर आधारित होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को गुवाहाटी के पार्टी कार्यालय में घोषणापत्र जारी करने के दौरान कहा कि हमने आपको 5 गारंटी का हथियार दिया है। ये घोषणापत्र असम की जनता की आवाज़ है, ये असम की जनता की रक्षा करेगा। इस घोषणा पत्र में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की बात भी कही गई है। इसके अलावा चाय बागानों के कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी 365 रुपये करने का वादा भी किया गया है।
असम: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुवाहाटी में पार्टी कार्यालय में असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। #AssamAssemblyElections2021 pic.twitter.com/BDTpEzi7lz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2021
शनिवार को असम के जोरहाट जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम आदमी के लिए नहीं, बल्कि देश के सिर्फ 2-3 सबसे अमीर उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गुवाहाटी हवाई अड्डा का अधुनिकीकरण करने के लिए 2,000 करोड़ रुपए दिये थे। अब इसे आपकी जेब से निकाल लिया गया और इसे अडाणी को दे दिया गया। इस तरह से वह देश में हर चीज अपने दो-तीन अमीर कारोबारी मित्रों को दे रहे हैं।
साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा असम की संस्कृति, भाषा, इतिहास और भाईचारे पर हमला कर रही है। हम आपकी और आपकी संस्कृति तथा अस्मिता की रक्षा करेंगे, नफरत खत्म करेंगे और शांति लाएंगे। यह आपका राज्य है और इसे नागपुर से नहीं संचालित किया जा सकता।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि मैं कभी झूठ नहीं बोलता। देखिए, मैंने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान और पंजाब में चुनाव से पहले क्या बोला था। मैंने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के छह महीने के अंदर यह कर दिया गया। इसी तरह से अन्य राज्यों में किये गये हर वादे पूरे किये गये हैं।