Rahul Gandhi Attacked Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा को लेकर चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और टीएमसी चीफ, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि ममता बनर्जी के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के कई मामले हैं, इसके बावजूद केंद्र ने उनके खिलाफ कोई केस क्यों नहीं दर्ज किया गया है?
राहुल गांधी ने सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ आक्रामक होते हुए सवाल उठाया कि टीएमसी प्रमुख के खिलाफ ’36, 38 या 40 मामले’ क्यों नहीं हैं, जबकि वह खुद कई कानूनी कार्यवाही का सामना कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ कई मामले हैं और वे जमानत पर हैं।
राहुल गांधी ने क्या-क्या कहा?
दरअरल, पश्चिम बंगाल में शहीद मीनार मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं, लेकिन ममता बनर्जी के खिलाफ ऐसी कोई जांच कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि इसका कारण यह है कि टीएमसी प्रमुख बीजेपी का सीधे तौर पर उस तरह से विरोध नहीं करतीं, जिस तरह कांग्रेस करती है।
राहुल गांधी ने कहा, “आज मैं यहां आया हूं, मुझे ज़मानत मिल चुकी है। नरेंद्र मोदी ने मेरा सरकारी आवास छीन लिया। उन्होंने मेरी लोकसभा सदस्यता छीन ली। ममता बनर्जी के खिलाफ 36, 38 या 40 मामले क्यों नहीं हैं? पूरा बंगाल जानता है कि तृणमूल के लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सारदा चिट फंड घोटाला तृणमूल के लोगों ने किया था। इसने 17 लाख निवेशकों को बर्बाद कर दिया। 1,900 करोड़ रुपये का बकाया है। रोज वैली चिट फंड घोटाले में लाखों लोगों से पैसे लूटे गए।”
गुंडा टैक्स के तहत हो रही जबरन वसूली
इस दौरान राहुल गांधी ममता दीदी की सरकार के खिलाफ आक्रामक होते हुए कहा, “गुंडा टैक्स” के रूप में जबरन वसूली हो रही है। लेकिन नरेंद्र मोदी, आरएसएस और भाजपा ने ममता जी के खिलाफ कोई जांच नहीं कराई है। वे ममता जी पर हमला नहीं करते। क्यों? क्योंकि वे जानते हैं कि असली लड़ाई तृणमूल से नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी से है।”
‘ममता-मोदी एक सिक्के के पहलू’
राहुल गांधी ने कहा कि ममता और पीएम मोदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, क्योंकि उनमें से कोई भी आम लोगों की आकांक्षाओं की परवाह नहीं करता है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री खुद को सच्चा राष्ट्रवादी बताते हैं। लेकिन उन्होंने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने सब कुछ करोड़पतियों के लिए किया। वाम मोर्चा के शासन से पहले पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का शासन था। उस समय राज्य में कई उद्योग थे।”
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ममता बनर्जी को भी युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई परवाह नहीं है। प्रधानमंत्री और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री दोनों को सिर्फ अपनी ही चिंता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में जो कर रहे हैं, वही ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कर रही हैं।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने अपने खिलाफ चल रही जांच की तुलना पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के खिलाफ ईडी या सीबीआई की कार्रवाई के अभाव से की। राहुल गांधी ने यह जिक्र भी किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनसे लगातार पांच दिनों तक 55 घंटे पूछताछ की।
‘राष्ट्रीय सरेंडर संघ’, राहुल गांधी ने RSS पर कसा तंज, जानें राम माधव के किस बयान पर मचा बवाल
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को RSS नेता और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव द्वारा अमेरिका में दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा तंज कसा। राहुल ने गांधी ने कहा कि राम माधव ने केवल “संघ के वास्तविक स्वरूप को उजागर किया है। पढ़िए पूरी खबर…
