लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भोपाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमेरिका संग ट्रेड डील को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को चैलेंज किया कि वो भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करके दिखाएं।
राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा, “मैं चैलेंज करता हूं नरेंद्र मोदी को कि आप हिंदुस्तान और यूएस की डील को रद्द करके दिखा दीजिए… ये नहीं कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “बीजेपी के कार्यकर्ताओं, मैं आपको बता रहा हूंं ये नहीं कर सकते हैं क्योंकि इन पर अमेरिका और ट्रंप का दबाव है… क्योंकि एपस्टीन की धमकी है और अडानी का क्रिमिनल केस उनके सिर के ऊपर लटका हुआ है… हिंदुस्तान को धोखा दिया है, ये सच्चाई है।”
‘भारत के डेटा के बिना अमेरिका नहीं कर सकता चीन का मुकाबला’
राहुल गांधी ने यह भी कहा, “सिर्फ किसानों को नहीं, 21 वीं सदी में सबसे जरूरी चीज 21वीं सदी डेटा की सेंचुरी है। जिसके पास डेटा है वो जीतेगा। जिसके पास डेटा नहीं है, वो खत्म हो जाएगा।”
उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा डेटा हिंदुस्तान के पास है। सबसे बड़ी आबादी है, सबसे ज्यादा डेटा यहां बनता है, दूसरे नंबर पर चीन है। हिंदुस्तान के डेटा के बिना चीन का मुकाबला अमेरिका नहीं कर सकता है। इस डील में पीएम मोदी ने भारत का सारा डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया है। किसानों को खत्म किया, भारत का डेटा दिया, टेक्सटाइल इंडस्ट्री को खत्म कर दिया।
‘बांग्लादेश के टैक्सटाइल पर जीरो टैरिफ लगाएगा अमेरिका’
राहुल गांधी ने आगे कहा, “…अमेरिका कहता है कि हम बांग्लादेश को मदद करेंगे। उन्हें हम टेक्सटाइल में जीरो टैरिफ लगाएंगे। हिंदुस्तान का मंत्री कहता है कि अगर भारत अमेरिका से कपास खरीदेगा तो हमारे ऊपर भी टैक्स जीरो। हम अमेरिका से कपास नहीं खरीदते हैं, कपास हमारे यहां उगाया जाएगा। हमारी पूरी कपास की इंडस्ट्री खत्म हो जाएगी।”
अमेरिकी सामान खरीद पर भी किए सवाल
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति का दावा है कि हर साल भारत को नौ लाख करोड़ रुपये का माल अमेरिका से खरीदेगा। हमारी इंडस्ट्री का क्या होगा? पीएम मोदी ने सब दबाव में आकर दे दिया। अब हम पहले से ज्यादा टैक्स देंगे। हमें कोई इंपोर्ट की गारंटी नहीं दी। पीएम मोदी ने सब अमेरिका को बेच दिया। अगर उन पर दबाव नहीं होता, तो वो ये नहीं करते। ये उन्होंने अपनी छवि को बचाने और अपने सियासी भविष्य को बचाने के लिए किया है। वो बच नहीं सकते हैं, उनको कोई शक्ति नहीं बचा सकती है।
निशिकांत दुबे ने किया पलटवार
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों पर बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि कांग्रेस खुद कॉम्प्रोमाइज़्ड हैं। उन्होंने पूछा कि गांधी परिवार की इनकम का सोर्स क्या है? ये लोग रोज ट्रैवल करते हैं, उनके ट्रैवल का खर्च कौन देता है? अगर सैम पित्रोदा पे करते हैं, तो फाउंडेशन पे करता है। अगर फाउंडेशन पे करता है, तो आप कॉम्प्रोमाइज़्ड हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता कभी-कभी इलेक्शन कमीशन, आर्मी, डेमोक्रेसी, लोकसभा और अग्निवीरों पर सवाल उठते हैं। क्या आपने कभी इस देश में आर्मी पर कोई चर्चा देखी है? लेकिन वे हर दिन इस पर चर्चा करते हैं… 2014 में हमारे पावर में आने से पहले, CAG ने रिपोर्ट दी थी कि इंडियन आर्मी के पास चार दिन के लिए भी एम्युनिशन की कमी थी। क्या हमने यह मुद्दा पार्लियामेंट में उठाया था? हम प्राइम मिनिस्टर से पर्सनली मिलने पर इन मुद्दों पर चर्चा करते थे। वे देश को बर्बाद करना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी अपनी आखिरी लड़ाई लड़ रही है।
यह भी पढ़ें: ट्रेड डील पर चिंदबरम के विचार- क्या भारत ने खो दी अपनी रणनीतिक स्वायत्तता?
‘यदि भारत फिर से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल का आयात करता है, तो अमेरिका की सरकार अतिरिक्त कार्रवाई पर विचार करेगी, जिसमें भारतीय वस्तुओं पर 25 फीसद का दंडात्मक शुल्क फिर से लागू करना भी शामिल हो सकता है।’ चिदंबरम का पूरा लेख पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
