नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे INDIA ब्लॉक के सांसदों का मार्च मंगलवार को रोक दिया गया। संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर निकले सांसदों को आगे जाने की अनुमति नहीं मिली जिसके बाद नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत सभी एमपी वे संसद मार्ग पर ही धरने पर बैठ गए।
विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव के दौरान गड़बड़ियां हुई हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च में शामिल हुए। मार्च को देखते हुए संसद और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। रास्ते में कई जगह बैरिकेडिंग की गई और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया।
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए कई पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, प्रतिनिधिमंडल ने पेश किया महाभियोग का नोटिस और चार्जशीट
पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है और किसी भी तरह की भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं है। चुनाव आयोग के मुख्य प्रवेश द्वार और जंतर-मंतर के आसपास भी कई स्तरों पर बैरिकेड लगाए गए हैं।
140 से ज्यादा सांसदों के शामिल होने की थी उम्मीद
INDIA ब्लॉक के करीब 140 विपक्षी सांसदों के इस मार्च में शामिल होने की उम्मीद थी। संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग कार्यालय तक के रास्ते में अर्धसैनिक बलों की पांच से ज्यादा कंपनियां और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए।
विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। 1 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक ने देशभर में प्रदर्शन, विपक्षी सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च और 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली का ऐलान किया था।
पांच दिनों में 9 FIR, 18 लोग गिरफ्तार
जंतर-मंतर के पास पिछले पांच दिनों से चल रहे प्रदर्शनों के मामले में पुलिस ने नौ FIR दर्ज की हैं। इनमें निषेधाज्ञा के उल्लंघन, दंगा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया।
विपक्षी दलों का प्रदर्शन 2 अक्टूबर से जारी है। इस बीच इस सप्ताह के अंत में एक और प्रदर्शन की तैयारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा बनने जा रही है।
‘बीजेपी की मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं’, संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी से पूछे 10 सवाल
भारतीय जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के पैदल मार्च से पहले कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उनकी पार्टी ज्ञानेश कुमार की वजह से नहीं बल्की बुद्धि, विद्या और ज्ञान के देवता गणेश भगवान की वजह से चुनाव जीत रही है। पढ़ें पूरी खबर…
