दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया। उनके बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जंतर-मंतर तक जाने से रोका। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल सांसदों को ले जा रही बसों के ऊपर भी चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया।
सड़क पर लेट गईं थी प्रियंका गांधी
इस बीच प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गईं। उन्होंने पुलिस पर सांसदों के साथ बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाते हुए कहा कि वे सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलने की मांग कर रहे हैं। प्रियंका ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें खरोंचा और प्रदर्शनकारियों को जमीन पर गिराया गया। उन्होंने कहा कि वे वहां से नहीं हटेंगी और पुलिस को अपनी कार्रवाई वापस लेने की चुनौती दी।
राहुल गांधी लगातार इस बात पर जोर देते रहे कि INDIA ब्लॉक के सांसद जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन करना चाहते हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और CEC ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर जुटकर अपनी बात रखना चाहते हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं मानने की बात कही और उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया था, जिसके बाद विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए।
लगातार दूसरे दिन दिखा विपक्षी सांसदों और पुलिस का टकराव
यह लगातार दूसरा दिन है जब दिल्ली में विपक्षी सांसदों और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला है। मंगलवार को भी INDIA ब्लॉक के करीब 200 सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी।
पुलिस ने उन्हें निर्वाचन सदन से पहले रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कुछ अन्य कांग्रेस नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और करीब नौ घंटे तक वहीं धरना दिया। देर शाम पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले लेनी होगी मंजूरी, दिल्ली पुलिस ने जारी किए दिशा-निर्देश
दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने वालों के लिए पुलिस ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने बुधवार को कहा है कि जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन, कोई भी मीटिंग या विरोध प्रदर्शन आयोजित करने से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी जरूरी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
