लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दिल्ली में एक बार फिर से पोस्टर लगे हैं। इस बार यह पोस्टर दिल्ली के मंडी हाउस में लगे हैं, लेकिन इस बार इन पोस्टरों को लगाने का मकसद पहले लगाए गए पोस्टरों से अलग है।

मंडी हाउस में राहुल गांधी के जो पोस्टर लगाए गए हैं। उसमें राहुल गांधी कान पकड़े हुए दिखाया गया है। पोस्टर के नीचे भापपा नेता तजिंदर बग्गा का नाम लिखा है।

यह घटनाक्रम केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे की ओर से दायर मानहानि के मामले में राहुल गांधी के खेद जताने के बाद हुआ है। जैसा कि पोस्टर में भी दर्शाया गया है।

इससे पहले 24 जून को दिल्ली में कई जगहों पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लगे हुए दिखाई दिए थे। यह पोस्टर मंडी हाउस, आईटीओ आदि इलाकों में लगे हुए थे। पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर और उनका नाम लिखा हुआ था। तस्वीर के ऊपर बड़े शब्दों में लिखा था- गुमशुदा।

राहुल गांधी ने क्यों जताया था खेद?

24 जून को राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एक आवेदन दायर किया था। इस आवेदन में राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह के बारे में कथित रूप से अपमानजनक बयान देने के लिए खेद व्यक्त किया था। कार्तिकेय सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ भोपाल की एक अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। गांधी के वकील द्वारा दायर आवेदन में कहा गया था कि उनका बयान कार्तिकेय सिंह को लेकर नहीं था।

क्या था मामला?

यह घटनाक्रम 2018 में झाबुआ में आयोजित एक चुनावी रैली का है। इस रैली में राहुल गांधी ने कथित तौर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे का नाम लेकर टिप्पणी की थी। राहुल ने कार्तिकेय सिंह का नाम लेते हुए पनामा पेपर्स लीक का जिक्र किया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।

कार्तिकेय सिंह ने भोपाल स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के बयानों को मानहानिकारक बताते हुए याचिका दायर की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निचली अदालत ने गांधी को मामले में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश देते हुए समन जारी किया। समन मिलने के बाद, कांग्रेस नेता ने समन और मानहानि की कार्यवाही दोनों को रद्द करने की मांग करते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

दिल्ली में लगे राहुल गांधी के ‘गुमशुदा’ वाले पोस्टर, बीजेपी ने विदेश दौरों पर उठाया था सवाल

बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पूछा था कि राहुल गांधी कहां हैं और उनकी विदेश यात्राओं के लिए फंडिंग कहां से हो रही है। कांग्रेस ने इसका जवाब दिया था और कहा था कि राहुल गांधी ग्लोबल लीडर हैं और कई देशों और संस्थान उन्हें आमंत्रित करते हैं। पढ़ें पूरी खबर।