Rahul Gandhi Special Intensive Revision: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी इंडिया गठबंधन की चुनाव आयोग के खिलाफ दायर याचिका पर 15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका में राहुल गांधी और विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया और चुनाव आयोग के कुछ फैसलों पर सवाल उठाए हैं।

विपक्ष ने मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने की जांच करने की भी मांग की है।

राहुल गांधी और विपक्षी दलों के नेताओं ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और बहाल करने से जुड़े फैसलों में गड़बड़ी हुई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नामों का होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

इसके साथ ही, विरोध प्रदर्शनों पर लगी पाबंदियों और शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने के मामलों से जुड़ी याचिकाओं पर भी सुनवाई होगी। इन पाबंदियों में जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए तय जगहों की सूची से हटाना और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई भी शामिल है।

युवा कांग्रेस ने दायर की याचिका

भारतीय युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के फैसले को चुनौती देते हुए बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के माध्यम से याचिका दायर की है। इस याचिका में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मतदाता सूचियों के एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी गई है।

आवेदन में याचिकाकर्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के 11 अक्टूबर के आदेश को चुनौती दी है। इस आदेश के तहत जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था। विरोध प्रदर्शनों के लिए नई जगहों के रूप में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान को निर्धारित किया गया।

सीजेपी के 11 कार्यकर्ता रिहा

दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को बताया कि 11 कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा कर दिया गया है। उन्होंने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का ऐलान किया है। यह ऐलान सीजेपी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को जेल भेजे जाने के बाद किया गया है।

यह भी पढ़ें- ‘सुप्रीम कोर्ट को राजनीति में न घसीटें’

सीजेआई सूर्यकांत ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों की राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।