सोमवार को इंडिया गठबंधन के नेता दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर उतरेंगे। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार शाम को ऐलान किया है कि यह मार्च सुप्रीम कोर्ट तक किया जाएगा। इस पर राहुल गांधी ने संविधान हाथ में लिए हुए एक वीडियो भी जारी किया है।
वीडियो में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की सख्ती पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के युवा शांतिपूर्ण विरोध के लिए सड़कों पर उतरे लेकिन पुलिस और भाजपा के लोगों ने उन्हें पीट दिया।
सुप्रीम कोर्ट तक करेंगे मार्च
वीडियो में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, “आपने कल (शनिवार) देखा, युवा बाहर आना चाहते थे, बिना नफरत मोहब्बत के साथ बाहर आना चाहते थे। उनको मारा-पीटा, भाजपा के गुंडों और पुलिसवालों ने उनको मारा। ऐसा हिंदुस्तान हम नहीं चाहते। इसलिए हम कल यानी सोमवार 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे।”
कायर हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकते- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा, “हम पार्टी, महिला-पुरुष, जाति, समुदाय और राज्य की हर दीवार से ऊपर उठकर, बतौर हिंदुस्तानी हम सब एक साथ चलेंगे। जो लोकतंत्र में भरोसा रखते हैं, जो लोकतंत्र के लिए खड़े होना चाहते हैं, ऐसे में हमारे साथ आएं। हमें बिल्कुल फर्क नहीं पड़ता आप किससे विचारधारा से जुड़े हैं, जब तक आप संविधान से जुड़े हैं और आप संविधान बचाना चाहते हैं तो आप हमारे साथ आएं। किसी से डरने की जरूरत नहीं है। ये कायर हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकते।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “हम चाहते हैं कि सभी विपक्षी पार्टियां और सारे नेता, जो संविधान को बचाना चाहते हैं, एक होकर सुप्रीम कोर्ट हमारे साथ चलें। हम चीफ जस्टिस के पास जाएंगे। उनको देश की तरफ से एक ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें वोट चोरी रोकने, एसआईआर को खत्म करने, ईवीएम को हटाने और ज्ञानेश कुमार को हटाने की बात शामिल होगी।”
डरना नहीं है, उनका साइड हटना पड़ेगा- राहुल
राहुल गांधी ने आगे कहा, “डरना नहीं है। ये नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजित डोभाल और मोहन भागवत हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकते। आप देखिए मिलकर हम जाएंगे मोहब्बत के साथ, भाईचारे के साथ, देशभक्ति के साथ हम जाएंगे और देशद्रोही हम पर आक्रमण नहीं कर पाएगा। उनको चुप होना पड़ेगा। साइड हटना पड़ेगा। डरना नहीं है पूरा हिंदुस्तान कल सुप्रीम कोर्ट चलेगा।”
यह भी पढ़ें: ‘PM मोदी को अपने अपराधों की कीमत चुकानी होगी’, चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में बोले राहुल गांधी
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कहा कि पूरी दिल्ली बंद थी; पुलिस और बीजेपी के ‘गुंडों’ ने छात्रों की पिटाई की। समस्या यह है कि पीएम मोदी को समझ नहीं आ रहा कि खेल खत्म हो चुका है। शनिवार दोपहर चेन्नई पहुंचते ही राहुल गांधी मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मिले। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
