नीट यूजी पेपर लीक मामले में अब सियासी पारा तेज हो रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तब तक कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।

राहुल गांधी ने एक्स पर हैदराबाद में छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो शेयर किया। विरोध करने वाले छात्र नीट पेपर लीक के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए।

प्रधानमंत्री चुप हैं- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि जब लाखों युवा सड़कों पर हों, 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो और प्रधानमंत्री चुप हो तो यह साफ है कि सरकार जवाब देने के बजाय बचने की कोशिश में लगी है।

उन्होंने आगे लिखा, जब तक धर्मंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते और नीट जैसे पेपर लीक मामलों को रोकने के लिए फुलप्रूफ व्यवस्था लागू नहीं हो जाती, तब तक हम (कांग्रेस) रुकेंगे नहीं।

कांग्रेस धर्मेंद्र प्रधान का मांग रही है इस्तीफा

कांग्रेस लगातार नीट यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा नहीं बना सकी।

राहुल गांधी पिछले एक सप्ताह से NEET UG पेपर लीक के संबंध में सरकार को घेर रहे हैं। राहुल गांधी ने इससे पहले पीएम मोदी के इटली यात्रा पर भी कटाक्ष किया था।

उन्होंने कहा था कि “जब मोदी जी इटली में टॉफी बाँटते हुए रील बना रहे थे, तब भारत में पेपर लीक से त्रस्त युवा न्याय की माँग करते हुए सड़कों पर उतर आए थे। क्योंकि NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। कई बच्चों ने अपनी जान तक गंवा दी है और मोदी जी ने न तो जिम्मेदारी ली, न ही धर्मेंद्र प्रधान को हटाया, और न ही एक शब्द कहा।”

यह भी पढ़ें: कौन हैं वीरा पासी? 1857 के विद्रोह के वो नायक जिन्हें भुला दिया गया, राहुल गांधी ने किया प्रतिमा का अनावरण

रायबरेली में बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 1857 की क्रांति के एक कम चर्चित योद्धा वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण किया। यूपी की राजनीति में इस कदम को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी राजनीतिक दल दलित समुदाय, खासकर पासी समाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में लगे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें