Rahul Gandhi Investment Portfolio: लोकसभा में नेता विपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवेश को लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है कि उनका निवेश को मैनेज करने वाला शख्स बीजेपी का कट्टर समर्थक है। इस बात की जानकारी खुद उस शख्स ने दी है। इस शख्स ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखा, जिस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया भी दी है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के निवेश के बारे में बात करने वाले शख्स का नाम मुथुकृष्णन धंदापानी है। वे एक म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि वह कोई भी निजी जानकारी शेयर नहीं कर रहे हैं। वह बस यह बताना चाहते हैं कि धारणा असलियत से कितनी अलग होती है। इसका मकसद किसी भी राजनीतिक पार्टी या नेता का समर्थन करना नहीं है।

मुथुकृष्णन ने राहुल गांधी के लिए काम करने की कही बात

मुथुकृष्णन ने कहा कि वह बस यह बताना चाहते हैं कि चीजें वैसी नहीं हैं, जैसी वे दिखती हैं। उन्होंने आगे बताया कि साल 2013 में, उनका एक क्लाइंट पेशेवर तौर पर राहुल गांधी के लिए काम करता था। उसने राहुल गांधी के म्यूच्यूअल फंड निवेश को संभालने के लिए मुथुकृष्णन का नाम सुझाया।

एक्स पोस्ट में क्या लिखा?

मुथु ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “जब UPA 2 सत्ता में थी यानी 2013 से लेकर आज जब विजय ने कांग्रेस के समर्थन से शपथ ली है राहुल मेरे म्यूचुअल फंड निवेश के लिए मेरे क्लाइंट बने हुए हैं। हमने कई ईमेल का आदान-प्रदान किया है और फोन पर भी कई बार बात की है।”

उन्होंने लिखा, “जैसा कि आप जानते हैं मैं 2014 से 2024 तक मोदी का एक प्रबल समर्थक रहा हूं। राहुल या उनके ऑफिस के स्टाफ ने एक बार भी मेरे सामने इस विषय का जिक्र नहीं किया। मेरा मानना ​​है कि मेरे ट्वीट्स उनका स्टाफ नियमित रूप से देखता है। वे मेरी पेशेवर सेवाओं और मेरे राजनीतिक विचारों के बीच स्पष्ट रूप से अंतर करते हैं।”

‘मैं बीजेपी का कट्टर समर्थक’

म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर मुथुकृष्णन धंदापानी ने आगे कहा, राहुल के साथ मेरी हर बातचीत में वह मुझसे हमेशा सम्मान से बात करते हैं और कभी भी उन्होंने कोई घमंडी रवैया नहीं दिखाया। यह जानते हुए भी कि मैं BJP का समर्थक हूं। कुछ साल पहले उन्होंने एक अहम पेशेवर को चुनने के लिए मुझसे राय ली थी। इस पोस्ट की वजह से हो सकता है कि राहुल हमारे पेशेवर रिश्ते को खत्म कर दें। कोई बात नहीं। हर चीज का एक दिन अंत तो होना ही है।”

धंदापानी ने कहा, “मैं यह पोस्ट इसलिए करना चाहता था ताकि यह दिखा सकूं कि पार्टियों के IT सेल किसी को पूरी तरह से अमानवीय कैसे दिखा सकते हैं। मैं राहुल गांधी को एक राजनेता के तौर पर नहीं जानता। पिछले 14 सालों के मेल-जोल के आधार पर, मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि वे प्रोफेशनल्स का बहुत सम्मान करते हैं और बातचीत करने के लिए एक बहुत अच्छे इंसान हैं। IT सेल की बातों पर मत जाइए, चाहे वह किसी भी पार्टी के हों।”

राहुल गांधी ने क्या कहा?

मुथु के एक्स पोस्ट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया भी आई है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा भी हो रही है। राहुल गांधी ने लिखा, “मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं – लेकिन कृपया मेरे निवेश पर मिलने वाले प्रतिफल में तेजी लाएं।”

राहुल गांधी के पोर्टफोलियो में कौन से स्टॉक्स?

राहुल गांधी के 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए दिए गए हलफनामे के मुताबिक, राहुल गांधी का निवेश पोर्टफोलियो मुख्य रूप से ब्लूचिप स्टॉक्स और म्यूचुअल फंड में विविधतापूर्ण है। मार्च 2024 तक उनके शेयर बाजार निवेश का मूल्य लगभग 4.33 करोड़ रुपये था, जिसमें 20 से अधिक दिग्गज कंपनियों में के शेयर शामिल हैं, जिनमें पिडीलाइट, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, टाटा ग्रुप के स्टॉक्स हैं।

जोसेफ विजय और राहुल गांधी की दोस्ती: 17 साल की केमेस्ट्री बनी टीवीके-कांग्रेस के मजबूत जोड़ की वजह

तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के नतीजों में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इसके बाद कांग्रेस ने अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया। इसको लेकर कुछ लोगों ने आश्चर्य जताया लेकिन ये कोई खास आश्चर्य की बात नहीं है। इसकी सबसे बड़ी वजह राहुल गाधी और जोसेफ के बीच दोस्ती के 17 साल पुराने संबंध हैं। पढ़िए पूरी खबर…