कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली के बंगाली मार्केट क्षेत्र के टोडरमल पार्क इलाके में ऑटो रिक्शा ड्राइवरों के एक ग्रुप से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि वे संसद में उनकी समस्याओं को उठाएंगे। उन्होंने चालकों के साथ भोजन किया और बढ़ती महंगाई के बीच आजीविका चलाने में आ रही दिक्कतों के बारे में उनकी बातें सुनीं।
बातचीत के बाद राहुल गांधी एक ऑटो रिक्शा चालक की वर्दी पहनकर बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए। इसके बाद वह एक ऑटो रिक्शा में बैठकर वहां से चले गए। राहुल की इस बात चीत का वीडियो कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
राहुल से मुलाकात के बाद एक ऑटो ड्राइवर ने कहा, “आज हम लोग राहुल गांधी जी से मिले। जब हम खाना खा रहे थे तभी वे आ गए। उन्होंने हमारे साथ खाना भी खाया और बातचीत की। राहुल गांधी जी ने हम सभी की समस्याएं पूछी तो हमने बताया कि हमारे बच्चे पढ़-लिख लिए हैं लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि वे संसद में हमारे मुद्दे उठाएंगे।
ऑटो ड्राइवरों से राहुल गांधी ने की ये बात
ऑटो रिक्शा चालक रमेश प्रसाद ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से बातचीत की और उन्हें अपने कारोबार में आई मंदी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गांधी ने उनके बच्चों की शिक्षा और दैनिक आय और भोजन के प्रबंध के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा, ”हमने राहुल गांधी जी के साथ सादा भोजन किया जिसमें दाल रोटी और सब्जी शामिल थी।”
एक अन्य चालक अरिंदर कुमार शाह ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेता को महंगाई, विशेषकर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बोझ के बारे में बताया जिससे जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी जी ने चालकों की मदद का वादा किया और कहा कि वे हमारी शिकायतें सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने संसद में उठाएंगे। हम सबने रोटी और बिहार की खास आलू की सब्जी खाई।”
सीबीएसई की गड़बड़ी पर क्या बोले राहुल?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की गड़बड़ी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी और शिक्षा मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किया जाना यह दर्शाता है कि उन्हें केवल अपनी सरकार के अस्तित्व की चिंता है, लाखों छात्रों के भविष्य की नहीं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह पहले दिन से ही सीबीएसई की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) और ‘सीओईएमपीटी’ को अनुबंध दिए जाने के मामले में स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं क्योंकि देश के युवाओं को सच जानने का अधिकार है।
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद राहुल गांधी से क्यों मिले सिद्धारमैया?
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शुक्रवार सुबह सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उनके बेटे यतींद्र भी साथ मौजूद थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(भाषा के इनपुट के साथ)
