कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल और असम में मिली करारी हार के बाद पहला रिएक्शन दिया है। उन्होंने इसे वोट चोरी करार दिया है। उनका कहना है कि चुनाव आयोग से बीजेपी को मदद मिली है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ” असम और बंगाल इस बात का बेहतरीन उदाहरण हैं कि कैसे चुनाव आयोग की मदद से बीजेपी ने चुनाव चुराया है। हम ममता जी से सहमत हैं, 100 से ज्यादा सीटें बंगाल में चोरी हुई हैं। हम यह पहले भी देख चुके हैं, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, लोकसभा चुनाव। चुनाव चोरी, संस्था चोरी – अब और चारा ही क्या है!।”
ममता बनर्जी ने भी बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा ने 100 से अधिक हमारी सीटें लूट ली हैं। चुनाव आयोग भाजपा का आयोग बन गया। मैंने सीओ और मनोज अग्रवाल से भी शिकायत की, लेकिन वे कुछ नहीं कर रहे हैं।” मीडिया से सवाल करते हुए कहा, “क्या आपको लगता है कि यह जीत है? यह नैतिक जीत नहीं बल्कि यह अनैतिक जीत है।
ममता बनर्जी ने आगे कहा, चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों, पीएम और गृहमंत्री के साथ मिलकर जो कुछ भी किया है, वह पूरी तरह से गैर-कानूनी है। यह लूट है। हम जोरदार वापसी करेंगे।
इस बार के बंगाल चुनाव के नतीजों की बात करें तो बीजेपी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने 208 सीटें जीती हैं, वहीं टीएमसी 79 सीटों पर सिमट गई है। असम में भी बीजेपी ने ऐतिहासिक जनादेश हासिल करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की है।
ये भी पढ़ें- इन 100 हिंदू बहुल सीटों ने बदला बंगाल का खेल
