लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कहा कि पूरी दिल्ली बंद थी; पुलिस और बीजेपी के ‘गुंडों’ ने छात्रों की पिटाई की। समस्या यह है कि पीएम मोदी को समझ नहीं आ रहा कि खेल खत्म हो चुका है। शनिवार दोपहर चेन्नई पहुंचते ही राहुल गांधी मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मिले।
आइलैंड ग्राउंड्स में 30 मिनट के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब अपनी सरकार बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। छात्रों का मूड और विपक्ष की गतिविधियां उन पर भारी पड़ रही हैं।”
अपराधों की कीमत चुकाएंगें पीएम मोदी- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने छात्रों से कहा, “आपको डरने की कोई जरूरत नहीं है जिन लोगों लोकतंत्र को बर्बाद किया, उन्हें सजा दिलाई जाएगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पीएम मोदी देश के खिलाफ किए गए अपने अपराधों की कीमत चुकाएं।
राहुल गांधी ने छात्रों से आगे कहा, “जिज्ञासा का मतलब है सवाल पूछना और लोकतंत्र में सवाल पूछना आपका अधिकार है। संविधान आपके सवाल पूछने के अधिकार की रक्षा करता है और वोट यह पक्का करता है कि आपको उन लोगों से जवाब मिलें जो आपका नेतृत्व करते हैं, जो आपकी सरकारें चलाते हैं।”
पेरियार को लेकर राहुल गांधी ने की बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे पेरियार के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “पेरियार छात्रों से क्या कहते हैं? किसी भी बात को महज इसलिए न मानें कि किसी और ने उसे कहा है। हर चीज का एनालिसिस करें और उसके बारे में सवाल करें। और फिर महान कवि कहते हैं कि रेत में आप जितना गहरा कुआँ खोदेंगे, उतना ही अधिक पानी निकलेगा यानी आप जितना अधिक सीखेंगे, उतना ही अधिक ज्ञान बहेगा। छात्र होने का मूल आधार जिज्ञासा है, सवाल पूछना है, ज्ञान की प्यास है और हर छात्र के अंदर मौजूद यह जिज्ञासा ही उन्हें शक्ति देती है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह आपको सवाल पूछने, नई चीजों और नई जगहों को खोजने, एक नए भविष्य की कल्पना करने, अपने भविष्य, अपने राज्य के भविष्य, अपने दोस्तों और परिवार के भविष्य की कल्पना करने की शक्ति देती है, और सबसे अहम बात यह है कि यह आपको चुनाव करने की क्षमता देती है। यह जिज्ञासा हवा में नहीं होती। इसका एक आधार होता है। आपकी जिज्ञासा का आधार क्या है? यह आपकी भाषा है। यह आपकी संस्कृति, आपका इतिहास, आपकी परंपराएँ और आपकी जमीन है। यही वह आधार है जहां से आप सवाल पूछना शुरू कर सकते हैं। इस आधार के बिना जिज्ञासा असंभव है। अगर सवाल नहीं पूछे जा सकते तो एक मजबूत भविष्य का निर्माण नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने छात्र से पूछा सवाल
कार्यक्रम के दौरान, राहुल गांधी ने एक छात्र से पूछा कि अगर पेरियार होते तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से क्या कहते। इस पर छात्र ने जवाब दिया, “पेरियार कुछ इस तरह जवाब देते कि पितृसत्ता, धार्मिक मान्यताएं और महिलाओं की गुलामी मजबूत नीति नहीं हैं। बल्कि, मानवता ही दुनिया की सबसे मजबूत नीति है।”
यह भी पढ़ें: ‘हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं’, राहुल गांधी ने पीएम मोदी, अमित शाह समेत अजित डोभाल पर बोला हमला
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका का भी नाम शामिल है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
