राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग स्थित आवास पर टी-पार्टी के बाद विपक्षी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्ष ने मंगलवार कहा कि लोकतंत्र को बहाल करने की लड़ाई में संस्थाए चाहे जो भी भूमिका निभाएं, लेकिन वे अपना विरोध जारी रखेंगे।

साथ ही विपक्ष जंतर-मंतर का आधिकारिक विरोध स्थल का दर्जा रद्द करने के सरकार के कदम को भी चुनौती देंगे।

विरोध जारी रहेगा और अंततः जीत होगी- राहुल गांधी

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी ने अपने आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं, छात्र कार्यकर्ताओं और अन्य सदस्यों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “सुप्रीम कोर्ट, सीजेआई और न्यायिक प्रणाली के प्रति हमारे मन में बहुत सम्मान है। उनकी अपनी भूमिका है। हमें उम्मीद है कि वे उस भूमिका को निभाएंगे। चाहे कुछ भी हो, कोई भी संस्था भूमिका निभाए या न निभाए, राजनीतिक विरोध जारी रहेगा, लोगों का विरोध जारी रहेगा और अंततः जीत होगी।”

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कई दिनों तक चले विरोध प्रदर्शनों के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए इन नेताओं को चाय (टी-पार्टी) पर बुलाया था। इंडिया गठबंधन के नेताओं और छात्र संगठन छात्रों ने सोमवार को एक याचिका सौंपने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया।

कौन-कौन नेता हुए शामिल?

बैठक में मौजूद नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, RJD नेता तेजस्वी यादव और मनोज झा, सपा के हरेंद्र मलिक, आनंद भदौरिया और मोहिबुल्लाह नदवी, JMM की महुआ माजी, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा, CPI(M-L) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, CPI(M) के महासचिव एम ए बेबी, CPI के डी राजा और पी संतोष कुमार, ममता की ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष और फॉरवर्ड ब्लॉक के महासचिव जी देवराजन शामिल थे।

शिकंजा कस रहा है- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि संविधान को खत्म करना और बिना किसी सजा के बच निकलना आसान नहीं है और उन्होंने वोट चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात दोहराई।

राहुल गांधी ने कहा, “हमारा संकल्प है कि जिन लोगों ने यह किया है- मुख्य सूत्रधार पीएम मोदी, इसे लागू करने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और अन्य लोगों को यह समझना होगा कि उन पर शिकंजा कस रहा है। हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि सभी को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि कोई अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहे थे और देश में लोकतंत्र बहाल करने की इस लड़ाई में सभी एकजुट थे।

तेजस्वी यादव और डी. राजा ने की आलोचना

तेजस्वी यादव और डी. राजा दोनों ने जंतर-मंतर का विरोध स्थल का दर्जा रद्द करने के सरकार के फैसले की आलोचना की। तेजस्वी यादव ने कहा, “जंतर-मंतर को विरोध स्थल के तौर पर डी-नोटिफाई करने से सरकार का डर साफ जाहिर होता है।” राजा ने सरकार के फैसले की निंदा की और इसे वापस हासिल करने के लिए लड़ाई का ऐलान किया।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मौजूद नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि वे जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन की जगह के तौर पर डी-नोटिफाई (मान्यता खत्म करने) के फैसले को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। आने वाले दिनों में INDIA गठबंधन के सभी कार्यक्रमों में वहां मार्च करने की कोशिश भी शामिल होगी।

CPI(M) ने लिया संकल्प

CPI(M) ने जंतर-मंतर का विरोध-प्रदर्शन स्थल का दर्जा खत्म करने का विरोध करने का संकल्प लिया है। पार्टी का आरोप है कि इस कदम का मकसद असहमति को दबाना और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के अधिकार को कमजोर करना है। CPI(M) पोलित ब्यूरो ने इस फैसले की आलोचना की है।

एमए बेबी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अगर मोदी-शाह-भागवत की तिकड़ी को लगता है कि जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाकर वे विरोध को खत्म कर देंगे या उसे नजरों से ओझल कर देंगे, तो वे गलत हैं। ऐसे कदम BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की असहमति के प्रति असहिष्णुता और शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकार के प्रति अनादर को और उजागर करते हैं।” प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेबी ने दोहराया कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

हमारा एक ही दुश्मन है और वह भाजपा- नेहा बोरा

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा, “हमारा एक ही दुश्मन है और वह भाजपा। संविधान बनाने में भाजपा की कभी कोई भूमिका नहीं रही। यह बहुत अच्छी बात है कि सभी विपक्षी दल एकजुट हैं। हमारी लड़ाई सिर्फ भाजपा के खिलाफ है, जिन लोगों ने देशद्रोह किया है, वे भारतीय जनता पार्टी वाले ही हैं।”

NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि सभी लोकतांत्रिक ताकतें इसलिए एकजुट हुई हैं क्योंकि संविधान पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं तृणमूल नेता सागरिका घोष ने कहा कि INDIA गठबंधन तब तक नहीं रुकेगा जब तक ज्ञानेश कुमार और वोट चोरी में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो जाती।

शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने PM मोदी और अमित शाह पर निशाना साधा और कहा कि CEC को हटाने का आंदोलन गांधी के नेतृत्व में जारी रहेगा।

बैठक में क्या चर्चा हुई?

सूत्रों के मुताबिक, टी पार्टी के दौरान हुई बातचीत में राहुल गांधी ने वहां मौजूद सभी नेताओं को सलाह दी कि अगर जरूरत पड़ी, तो उनकी पार्टियां और संगठन 24 घंटे के अंदर सरकार के खिलाफ लामबंद होने के लिए तैयार रहें। सोमवार को हुए विरोध मार्च में लोगों की अच्छी-खासी मौजूदगी से राहुल गांधी खुश दिखे और अब तक हुए विरोध प्रदर्शनों की समीक्षा के लिए एक साथ बैठे।

विपक्ष, छात्र संगठनों और सिविल सोसाइटी के कार्यकर्ताओं ने तय किया कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई के बाद ही आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला किया जाएगा।

नवंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की एक संयुक्त रैली आयोजित करने की योजना है, जिसमें एक नकली संसद सत्र (मॉक पार्लियामेंट सेशन) आयोजित करने का विचार भी रखा गया है। पता चला है कि इस नकली संसद सत्र में CEC पर महाभियोग चलाने का विचार है और इस प्रस्ताव पर आगे चर्चा की जाएगी।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, पीएम मोदी पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले पर रोक

सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि के मामले में सुनवाई की कार्यवाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोरों के सरदार और कमांडर-इन-थीफ कहा था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें