Kerala News: केरल के वायनाड में पार्टी दफ्तर की दीवारों और आस-पास के इलाकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने वाले पोस्टर सामने आने के बाद एक मामला दर्ज किया गया है।

प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्वाचन क्षेत्र वायनाड में 13 मई को पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में प्रियंका और राहुल गांधी को केसी वेणुगोपाल को राज्य के सर्वोच्च पद के लिए न चुनने की चेतावनी दी गई थी। इंग्लिश में लिखे एक पोस्टर पर यह बात लिखी थी, “मिस्टर राहुल, केसी भले ही आपके बैग उठाने वाले हों, लेकिन केरल के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे।”

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पोस्टर में यह भी दावा किया गया था कि अगर ऐसा फैसला लिया गया तो वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश में गांधी परिवार के गढ़ का हवाला दिया गया था, जहां 2019 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस विधायक ने दी शिकायत

एक अन्य पोस्टर पर लिखा था, “मिस्टर राहुल और प्रियंका, वायनाड को भूल जाइए। आप यहां से दोबारा नहीं जीत पाएंगे।” पुलिस ने बताया कि उन्हें सीसीटीवी फुटेज मिली है जिसमें एक व्यक्ति को दीवारों पर पोस्टर चिपकाते हुए देखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी पहचान करने की कोशिश जारी है। वायनाड से कांग्रेस विधायक टी सिद्दीकी की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया।

सोमवार को शपथ लेंगे वीडी सतीशन

मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वी.डी. सतीशान और उनका मंत्रिपरिषद सोमवार सुबह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण करेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही केरल में नई यूडीएफ सरकार की औपचारिक शुरुआत होने की उम्मीद है। समारोह से पहले साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, नामित मुख्यमंत्री और नामित मंत्री सुबह 9.45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे, जिसके बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर सुबह 9.55 बजे पहुंचेंगे।

इस कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।

अपने राजनीतिक गुरु के घर जाकर भावुक हो उठे वीडी सतीशन

केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने से पहले कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने अपने दिवंगत राजनीतिक गुरु और पूर्व मंत्री जी. कार्तिकेयन के शास्थामंगलम स्थित आवास का दौरा किया। भावी मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि अर्पित करते समय भावुक हो उठे। पढ़ें पूरी खबर…