पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर सहित कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार (15 अप्रैल 2026) सुबह ED अधिकारियों की टीम ने सांसद अशोक मित्तल के आवास पर पहुंचकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि ED के साथ आयकर विभाग की टीम भी उनके अन्य ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। उनके बेटे के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जांच का फोकस कथित रूप से आय को गलत तरीके से एकत्रित करने से जुड़े मामलों पर है। इसी दौरान जालंधर के नकोदर रोड स्थित ‘लवली स्वीट्स’ के बाहर आयकर विभाग की गाड़ियां देखी गईं। बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय AAP सांसद अशोक मित्तल अपने जालंधर स्थित आवास पर ही मौजूद थे।
वहीं ED की दिल्ली मुख्यालय स्थित जांच इकाई दिल्ली से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (जालंधर) और गुरुग्राम में स्थित Tetr College of Business व मास्टर्स स्कूल ऑफ यूनियन बिजनेस में भी तलाशी अभियान चला रही है। 61 वर्षीय मित्तल फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं।
FEMA के तहत एक्शन
यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत की जा रही है जिसके तहत गुरुग्राम और जालंधर में कुल 10 स्थानों को कवर किया जा रहा है। बता दें कि ये सभी संस्थान एक ही समूह से जुड़े हुए हैं और जांच उसी कड़ी में की जा रही है। बता दें कि हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया था।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी फेमा की जांच के रूप में इन शैक्षणिक संस्थानों के कुछ विदेशी वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
छापेमारी पर आप की प्रतिक्रिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी ”तैयारियां” शुरू कर दी हैं, जहां फिलहाल ‘आप’ की सरकार है। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि भाजपा ने पंजाब में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वह ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लिए बिना चुनाव लड़ सकती है?
वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि राज्यों में चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके बाद भाजपा नेताओं के राजनीतिक दौरे होते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उस पर निरंकुश तरीके से काम करने का आरोप भी लगाया। बहरहाल, अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी फेमा के तहत चल रही जांच का हिस्सा हैं और मित्तल से जुड़े विभिन्न कारोबारी परिसरों की तलाशी ली जा रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी “तैयारियां” शुरू कर दी हैं, जहां वर्तमान में आम आदमी पार्टी की सरकार है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर मान के पोस्ट को टैग करते हुए उनके बयान का समर्थन किया।
आप नेता संजय सिंह ने अशोक मित्तल के ठिकानों पर हुई इस छापेमारी पर कहा है कि बीजेपी उन राज्यों में अपनी एजेंसियों को पहले भेज देती है, जहां-जहां चुनाव होता है। अशोक मित्तल के घर ईडी की छापेमारी उसी की एक शुरुआत है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में ‘दखल’, अहम मौकों पर गायब… केजरीवाल के ‘करीबी’ राघव चड्ढा से क्यों उठा AAP का भरोसा?
आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से राज्यसभा सांसद और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खास रहे राघव चड्ढा को बड़ा झटका दिया। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को डिप्टी लीडर बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद राज्यसभा की वेबसाइट पर अशोक मित्तल को सदन में AAP के डिप्टी लीडर के रूप में दिखाया जाने लगा। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में कानूनी राहत मिलने के एक महीने बाद AAP ने यह कदम उठाया है। पढ़ें पूरी खबर…
