राघव चड्ढा समेत 7 आप सांसदों के बीजेपी में विलय होने के मुद्दे पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मंगलवार (5 मई 2026) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को अवगत कराया कि कुछ समय पहले आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों ने असंवैधानिक तरीके से यह कहते हुए भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली कि वे पार्टी का विलय कर रहे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ”आज मैं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर आया और जो पिछले दिनों संविधान, लोकतंत्र की जो हत्या हुई है कि अचानक कुछ सांसद मिलकर अपने आप यह कहने लगे कि हम इस पार्टी में नहीं रहे और दूसरी पार्टी के सदस्य हो गए हैं। यह बिल्कुल गैर संवैधानिक है।”

आप के राज्यसभा सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग

भगवंत मान ने कहा, ”जिस तरह संविधान का उल्लंघन हुआ, जब आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों ने खुद को अलग दल बताकर भारतीय जनता पार्टी में विलय कर लिया, वह असंवैधानिक है। हमने मांग की है कि बीजेपी में शामिल हुए आप के राज्यसभा सांसदों की सदस्यता रद्द की जाए। अगर केंद्र सरकार पंजाब में अपनी शक्ति का दुरुपयोग करती है तो हम कार्रवाई करेंगे।”

मान ने बताया कि उन्होंने देर तक राष्ट्रपति से बात की। मान ने राष्ट्रपति से कहा, ”अगर कोई राजनीतिक दल दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पारित कर किसी अन्य दल में विलय करता है तो वह संविधान सम्मत होता है। लेकिन एक सदन के कुछ चुनिंदा सांसदों द्वारा इस प्रकार का कदम उठाया जाना संविधान की हत्या के समान है। ”

राष्ट्रपति ने दिया आश्वासन

भगवंत मान ने बताया, ”राष्ट्रपति ने संविधान विशेषज्ञों से बात करने का आश्वासन दिया। मैं आपकी इस बात पर जरूर कोई ना कोई प्रतिक्रिया दूंगी। संविधान के हिसाब से ही यह देश चलता है।” मान ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति से कहा कि ये लोग संविधान को कुछ नहीं समझते, कभी ईडी, कभी सीबीआई और कभी इनकम टैक्स का छापा डलवाकर वो डराना चाहते हैं और कुछ दिन बाद सब सही हो जाता है। बीजेपी जिन पर आरोप लगाती है, बाद में उन्हीं लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर उन्हें दागमुक्त घोषित कर देती है। लेकिन ये डराने से कुछ नहीं होगा।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने 95 विधायकों के हस्ताक्षर सहित लिखित ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति जी को सौंपा तथा इस मामले पर न्यायोचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

यह भी पढ़ें: AAP छोड़ BJP में आए राघव चड्ढा की बंगाल जीत पर पहली प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के वोटों की गिनती जारी है। 293 सीटों के रुझान आने के बाद यह तय हो गया है कि बंगाल से सीएम ममता बनर्जी और उनकी सरकार की विदाई होने वाली है। इस पर अब भारतीय जनता पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी है। पढ़ें पूरी खबर।