राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार को साफ कहा कि वह पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली नहीं करेंगी। यह बयान उन्होंने बिहार सरकार द्वारा जारी उस नोटिस के एक दिन बाद दिया, जिसमें उन्हें बंगला खाली करने का निर्देश दिया गया था।
मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा, “वे घर खाली कराने के लिए पुलिस बल बुला सकते हैं, लेकिन मैं यह आवास खाली नहीं करूंगी।” दरअसल, बिहार सरकार ने शुक्रवार को नोटिस जारी कर राबड़ी देवी से 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने को कहा था। यह आवास अब पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है।
सरकारी नोटिस के अनुसार, राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते पहले ही एक वैकल्पिक सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है। हालांकि, उन्होंने अभी तक 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली नहीं किया है।
नोटिस में कहा गया है कि नवंबर 2025 में विभागीय आदेश के तहत हार्डिंग रोड स्थित मकान संख्या-39 (द्वितीय तल) राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में आवंटित किया गया था। वहीं, 10 सर्कुलर रोड का बंगला बाद में मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया।
सरकार ने राबड़ी देवी से तत्काल सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली कर नेता प्रतिपक्ष के लिए निर्धारित नए आवास का कब्जा लेने का अनुरोध किया है। हालांकि, रबड़ी ने ऐसा करने से मना कर दिया है।
गौरतलब है कि 10 सर्कुलर रोड लंबे समय से राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा रहा है। मुख्यमंत्री रहते हुए राबड़ी देवी ने इसी आवास से शासन चलाया था और यह बंगला राष्ट्रीय जनता दल की राजनीति का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।
यह भी पढ़ें – क्या अब बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आवास करेंगी खाली? फिर जारी हुआ नोटिस
बिहार की सियासत में एक बार फिर गहमागहमी दिख सकती है क्योंकि सरकार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी रबड़ी देवी को सरकार की ओर से फिर से एक नोटिस दिया गया है, जिसके मुताबिक उन्हें अपना सरकारी आवास खाली करना होगा। पूरी खबर पढ़ें…
