Sheikh Hamad bin Khalifa Al Thani Dead: कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन के बाद भारत सरकार ने सोमवार (13 जुलाई) को एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। शेख हमद ने 1995 से 2013 तक गैस समृद्ध खाड़ी देश कतर पर शासन किया था।
शेख हमद ने 74 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उन्हें कतर को वैश्विक कूटनीति, मीडिया और अंतरराष्ट्रीय निवेश के क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करने का श्रेय दिया जाता है। उनके कार्यकाल में वैश्विक और आंतरिक स्तर पर कतर ने बड़े बदलाव देखे थे।
आधा झुका रहेगा तिरंगा
कतर के पूर्व अमीर के निधन पर भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा बयान जारी किया गया है। इसके अनुसार, राष्ट्रीय शोक के तहत सोमवार को देश भर में भारतीय तिरंगा आधा झुका रहेगा। इसके अलावा, इस दिन सरकार की ओर से किसी भी आधिकारिक मनोरंजन या रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कतर के पूर्व अमीर को याद करते हुए कहा, “वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। वे भारत के एक सच्चे मित्र थे।”
कतर के अमीर दीवान का आधिकारिक बयान
कतर के अमीरी दीवान (शाही अदालत) ने रॉयटर्स द्वारा जारी एक बयान में कहा, “अमीरी दीवान अत्यंत दुख के साथ रविवार सुबह ‘फादर अमीर’ महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन की घोषणा करता है। अल्लाह उनकी आत्मा पर अपनी कृपा बनाए रखे और देश व मातृभूमि के लिए किए गए उनके कार्यों के लिए उन्हें उत्तम प्रतिफल प्रदान करे।”
हालांकि, एक अहम बात यह भी है कि कतर की आधिकारिक समाचार एजेंसी ने उनके निधन की घोषणा तो की, लेकिन मौत के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।
स्वेच्छा से बेटे को सौंपी थी सत्ता
अपने शासनकाल के दौरान शेख हमद ने एक ऐतिहासिक और लीक से हटकर फैसला लिया था। जून 2013 में कतर पर 18 साल तक शासन करने के बाद उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता की बागडोर अपने बेटे और कतर के वर्तमान अमीर, शेख तमीम को सौंप दी थी।
कतर को बनाया वैश्विक ब्रांड और ‘सॉफ्ट पावर’
शेख हमद के नेतृत्व में कतर ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई। कतर ने लंदन के मशहूर ‘हैरड्स’ डिपार्टमेंटल स्टोर को खरीदा और दुनिया के बड़े समाचार नेटवर्कों में शुमार ‘अल जजीरा’ (Al Jazeera) सैटेलाइट न्यूज नेटवर्क की स्थापना की।
इसके अलावा कतर ने साल 2022 में फीफा फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी कर दुनिया भर में अपनी ‘सॉफ्ट पावर’ का लोहा मनवाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2022 विश्व कप के उद्घाटन मैच के दौरान जब शेख हमद स्टेडियम में पहुंचे, तो सत्ता छोड़ने के सालों बाद भी कतर की जनता ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका शानदार स्वागत किया था।
यह भी पढ़ें: ‘क्या हमें राज्य का दर्जा पाने के लिए ट्रंप के व्हाइट हाउस जाना चाहिए?’ उमर अब्दुल्ला ने केंद्र पर कसा तंज
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर पार्टी की आपत्ति पर सवाल उठाए। उन्होंने ये बातें जम्मू में नेशनल कॉन्फ्रेंस की ‘चलो दिल्ली’ रैली के दौरान कहीं। इसमें पार्टी ने राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी मांग को फिर से दोहराया। पढ़िए पूरी खबर…
