West Bengal News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस के तथाकथित पुष्प जहांगीर खान को चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने जहांगीर खान को नामित कुख्यात अपराधी बताया और कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से उसके मामले को देखेंगे।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “तथाकथित पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी है।” पिछले हफ्ते राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले अधिकारी शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा, “पहले शासक का कानून था, अब कानून का शासन होगा।”

अब हालात बदल चुके हैं- शुभेंदु अधिकारी

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “फाल्टा में पुनर्मतदान के जरिये मतदाताओं के अधिकार बहाल होंगे, जहां लोग भतीजे (अभिषेक बनर्जी) के राजनीति में आने के बाद पिछले 10 वर्ष से वोट नहीं दे पा रहे थे।” उन्होंने कहा, “अब हालात बदल चुके हैं। मैं फाल्टा के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे भाजपा उम्मीदवार को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जिताएं।”

मैंने कोलकाता नगर निगम से फाइलें मांगी थीं- शुभेंदु अधिकारी

अधिकारी ने हिंसा-मुक्त चुनाव की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक निजी कंपनी की संपत्तियों से संबंधित फाइल मिल गई हैं, जो कथित रूप से बनर्जी से जुड़ी हुई है। अधिकारी ने कहा कि जल्द ही उनकी जांच शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा, “मैंने कोलकाता नगर निगम से फाइल मांगी थीं और मुझे दक्षिण 24 परगना जिले के आमतला में स्थित ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ के एक आलीशान कार्यालय समेत 24 संपत्तियों की डिटेल मिल गई है। अब मेरे पास भतीजे की संपत्तियों की लिस्ट है और जल्द ही मैं उनकी जांच शुरू कराऊंगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह टीएमसी की तरफ से भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए गए अत्याचार को भूले नहीं हैं। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पुलिस को पुराने राजनीतिक अपराधों में एफआईआर दर्ज करने और केंद्रीय योजनाओं के धन के दुरुपयोग की शिकायतें दर्ज करने का निर्देश दिया है। विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल के कद्दावर नेता और पार्टी के फाल्टा उम्मीदवार खान ने खुद को पुष्पा बताया था।

TMC में आंतरिक फूट पर बैठक में बोलीं ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कालीघाट स्थित अपने आवास पर पार्टी बैठक आयोजित की, जिसमें चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी शामिल हुए। बैठक में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। ममता बनर्जी ने बैठक में प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हाल के हुए विधानसभा चुनाव में हार के बाद उनकी पार्टी फिर मजबूत होगी। पढ़ें पूरी खबर…