पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा के पहले दिन भारी भीड़ के कारण कई श्रद्धालु बेहोश हो गए। इस दौरान दम घुटने से 1 व्यक्ति की मौत हो गयी। गुरुवार को पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान भीड़ में एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई और 30 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुरी के ग्रैंड रोड पर भारी भीड़ के कारण एक 45 वर्षीय श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया लेकिन बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों द्वारा फिलहाल घायलों की संख्या की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
भीड़ के चलते कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। जिसके बाद कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मी तैनात
एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “बीमार श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।” भारी बारिश के बावजूद, ओडिशा और अन्य जगहों से 5 लाख से अधिक श्रद्धालु रथ यात्रा देखने के लिए पुरी में एकत्रित हुए।
तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के बीच आपातकालीन बचाव दल ने कई लोगों को स्ट्रेचर पर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सुरक्षाकर्मी और आपातकालीन बचाव दल प्रभावित लोगों की सहायता के लिए तुरंत सामने आए। साथ ही पवित्र रथों के आसपास लोगों की भारी भीड़ के लगातार बढ़ने केबीच उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान की।
भीड़ में फंसे 33 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया
ओडिशा पुलिस ने X पर एक पोस्ट में कहा, “ओडिशा फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) ने आज सुबह से भारी भीड़ में फंसे 33 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया है। बचाए गए श्रद्धालुओं को तुरंत प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया और फिर आगे के इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भेजा गया।”
इस बीच, बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान लोगों की मौत होने की खबर से वह दुखी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं मृत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति और 100 से अधिक घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” उन्होंने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि राज्य सरकार भीड़ का उचित प्रबंधन कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।”
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में हादसा
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार को नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल के अंदर कंक्रीट की परत का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद अन्य मजदूरों ने काम रोक दिया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
