पंजाब के तरन तारन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को वैलेंटाइन वीक के बीच कॉलेज में दाखिल होकर एक युवक ने अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक ने छात्रा की मौत के बाद खुद भी उसी पिस्तौल से आत्महत्या कर ली।
गांव उसमा के ‘माई भागो लॉ कॉलेज’ में क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल है। मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर के तौर पर हुई है जो नौशहरा पनुआ गांव की निवासी है। वहीं, आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह के रूप में हुई जो गांव मलिया का रहने वाला है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ऐसा माना जा रहा है कि शायद एकतरफा प्यार में छात्र ने ये खौफनाक कदम उठाया। पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि कहीं वैलेंटाइन्स वीक में छात्र ने छात्रा को प्रपोज तो नहीं किया था और उसका इनकार सुनकर छात्रा ने उसे गोली मार दी? हालांकि अभी इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है पर पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
कॉलेज परिसर को खाली कराया गया
प्रिंसराज सिंह ने जिस युवती को गोली मारी,वह लॉ की पढ़ाई कर रही थी। इतना ही नहीं, प्रिंसराज खुद भी लॉ का ही स्टूडेंट है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कॉलेज परिसर को खाली कराया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दूसरी ओर, मृतका का परिवार न्याय की मांग कर रहा है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन फिलहाल फरार है और उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया है।
एकतरफा प्रेम प्रसंग का हो सकता है मामला
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या और आत्महत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। इस मामले में एसएसपी तरन तारन सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार युवक के पास कैसे पहुंचा और वह कॉलेज तक इसे लेकर कैसे पहुंचा।
