पंजाब के अमृतसर के मजीठा में रविवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिसकर्मी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृत पुलिसकर्मी की पहचान ASI जोगा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ASI जोगा सिंह सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग की। इस दौरान उन्हें दो गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

एएसआई जोगा सिंह वर्तमान में ट्रैफिक पुलिस अमृतसर में तैनात थे और घटना उस समय हुई जब वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमृतसर की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार वारदात बटाला-मजीठा रोड से हटकर सड़क किनारे हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हालांकि, अभी तक हमलावरों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी ने क्या बताया?

अमृतसर एसएसपी ग्रामीण सुहेल कासिम मीर ने जानकारी दी, “आज सुबह मजीठा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हमजा गांव के पास एक घटना की सूचना मिली है, जिसमें एएसआई जोगा सिंह, निवासी गनिक-ए-बंगार, बटाला, जो वर्तमान में अमृतसर यातायात पुलिस में तैनात हैं, अपनी मोटरसाइकिल से अमृतसर जा रहे थे। गनिक-ए-बंगार से अमृतसर की ओर जाते समय उन्हें गोली लगी हुई पाई गई।”

पुलिस अधिकारी ने बताया, “यह घटना बटाला-मजीठा मार्ग से कुछ दूरी पर घटी और घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्योंकि यह घटना सड़क किनारे हुई, जब मृतक यात्रा कर रहे थे, इसलिए व्यक्तिगत दुश्मनी, लक्षित हमला और रोड रेज सहित सभी आशंकाओं की जांच की जा रही है।”

पंजाब: एनकाउंटर में मारा गया कैदी, पुलिस पर चाकू से हमला करने का आरोप

पंजाब की होशियारपुर जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। यह घटना उस वक्त घटी जब होशियारपुर के सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे वापस लाया जा रहा था। उसी दौरान कैदी ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर।