आम आदमी पार्टी से सस्पेंड चल रहे अमृतसर उत्तर विधानसभा सीट के MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायकी छोड़ दी है। X पर अपना इस्तीफा जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब नशीले पदार्थों, जबरन वसूली, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के जाल में फंसा हुआ है।
उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करना चाहिए, ताकि छोटी-मोटी राजनीति और फीता काटने के दिखावे से ऊपर उठा जा सके। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि विधायक के तौर पर उन्होंने अपने 90% टारगेट पूरे कर लिए हैं।
रविवार को ही दिए थे नाराजगी के संकेत
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपनी नाराजगी के संकेत सोमवार को ही उस समय दे दिए थे, जब पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़ी थी।
उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि जिन अपराधियों के खिलाफ वे आज भी एक पुलिस अधिकारी के तौर पर अदालत में गवाही देने जाता हूं – वे या उनके परिवार के सदस्य अब सरकार या पार्टी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने ये भी कहा, “उनमें से एक ने तो खुलेआम मुझे धमकी भी दी; वह एक मंत्री के दाहिने हाथ के रूप में एक कार्यक्रम में पहुंच गया था।”
क्या बीजेपी में शामिल होंगे विजय प्रताप?
लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले तीनों विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 प्रत्याशियों के नाम की पहली सूची जारी की थी।
आम आदमी पार्टी ने हाल की में जौरामाजरा और पठानमाजरा के निर्वाचन क्षेत्रों में ‘हल्का प्रभारी’ नियुक्त किए हैं। इसके बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वो दोनों मौजूदा विधायकों – चेतन सिंह जोड़ामाजरा और हरमीत सिंह- को शायद दोबारा टिकट न दे।
विजय प्रताप सिंह एक पूर्व IPS अधिकारी हैं। वह पुलिस सेवा से इस्तीफा देने के बाद AAP में शामिल हुए थे। वे फरीदकोट में 2015 की बेअदबी की घटनाओं और उसके बाद पंजाब में हुई पुलिस फायरिंग के मामलों की जांच से जुड़े थे।
हालांकि, बाद में पार्टी नेतृत्व के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से पार्टी के कामकाज और बेअदबी के मामलों से जुड़े मुद्दों को संभालने के तरीके पर असंतोष जताया। नेतृत्व के साथ मतभेदों के चलते आखिरकार उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में किस-किस का नाम?
