Punjab Minister Sanjeev Arora Arrested: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के प्रभावशाली कैबिनेट मंत्रियों में से एक संजीव अरोड़ा को सेक्टर-2 स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया।
ईडी ने अरोड़ा और उनकी कंपनी से जुड़े दिल्ली , गुरुग्राम और चंडीगढ़ के पांच परिसरों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में केंद्रीय एजेंसी की तरफ से आम आदमी पार्टी से जुड़े नेताओं और लोगों के घरों पर लगातार तलाशी अभियान चल रहे हैं। सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि कथित फर्जी जीएसटी लेनदेन और एक्सपोर्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के कार्यालय परिसर और अरोड़ा के आवास पर तलाशी ली गई।
पंजाब सीएम ने तलाशी अभियान की कड़ी आलोचना की
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तलाशी अभियान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “आज एक बार फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब भाजपा की ईडी उनके घर आई है। और पिछले महीने में यह दूसरी बार है। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की भूमि है, जिसे (मुगल सम्राट) औरंगजेब भी अपने अधीन नहीं कर सका। यह भगत सिंह की भूमि है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। ईडी-भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही शुरू होगा।”
क्या है पूरा मामला?
ईडी सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने “अरोड़ा की कंपनी के माध्यम से कथित तौर पर चलाए जा रहे बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग ऑपरेशन का पता लगाया है। इसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद और उसके बाद दुबई से भारत में अवैध धन की वापसी के उद्देश्य से निर्यात शामिल है।”
सूत्रों ने आरोप लगाया कि फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट, निर्यात क्रेडिट पर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक लाभ का दावा करने के लिए दिल्ली में अस्तित्वहीन फर्मों से कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल हासिल किए। इससे कथित तौर पर सरकारी खजाने को नुकसान हुआ और व्यक्तिगत लाभ हुआ।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
संजीव अरोड़ा लंबे समय तक एक्सपोर्ट, रियल एस्टेट और फैशन कारोबार से जुड़े रहे। उनके परिवार का व्यवसाय वस्त्र उद्योग से शुरू हुआ था, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाकर कई कंपनियों तक विस्तार दिया। 1986 में व्यापार शुरू करने वाले संजीव अरोड़ा ने अमेरिका के वर्जीनिया में अपना पहला एक्सपोर्ट ऑफिस खोला। उन्होंने लुधियाना में अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किया और 2019 में सुजुकी मोटर्स के गुजरात प्लांट के साथ साझेदारी की। उनकी कंपनी फेमेला फैशन लिमिटेड महिलाओं के कपड़ों के ब्रांड के रूप में मशहूर हुई। उन्होंने लौह धातु व्यवसाय में भी हाथ आजमाया और ‘मेक इन इंडिया’ योजना के तहत देश में उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया।
सिर्फ कारोबारी ही नहीं, अरोड़ा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। अपने माता-पिता को कैंसर से खोने के बाद उन्होंने ‘कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट’ की स्थापना की, जो अब तक 160 से ज्यादा मरीजों का मुफ्त इलाज कर चुका है। वे दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शासी बोर्ड में भी शामिल हैं। इसके अलावा वे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, वेद मंदिर ट्रस्ट और सतलुज क्लब जैसे कई संगठनों से जुड़े हुए हैं।
