पंजाब के मानसा जिले में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी अश्विनी कुमार के खिलाफ प्रशासन ने कठोर कार्रवाई की है। दरअसल, बुधवार को मानसा प्रशासन ने भारी सुरक्षाबलों की मौजूदगी में अश्विनी कुमार के घर पर बुलडोजर चला दिया। इसके अलावा आरोपी के मेडिकल स्टोर को भी तोड़ दिया है।

परविंदर की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी अश्विनी के मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की और उसके बाद उसमें आग लगा दी। झोटा की हत्या से गुस्साए सिख संगठनों ने बुधवार को मानसा में बाजार बंद करा दिए।

राजस्थान से गिरफ्तार हुआ अश्विनी

बता दें कि बुधवार को पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर अश्विनी कुमार को राजस्थान के ही सालासर से गिरफ्तार किया था। अश्विनी वहां एक होटल में छिपा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही यह माना जा रहा था कि प्रशासन अब उसके घर पर बुलडोजर चलवा सकता है।

भीड़ ने आरोपी की दुकान में लगा दी आग

झोटा की हत्या के आरोपी के घर पर हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन की कार्रवाई के बीच भीड़ ने आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ की और दुकान को आग के हवाले कर दिया। प्रशासन के पहुंचने से पहले अश्विनी कुमार के घर और मेडिकल स्टोर के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। एक तरफ प्रशासन की कार्रवाई चलती रही तो दूसरी तरफ लोगों की भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी।

परिवार मांग रहा सीएम और डीजीपी का इस्तीफा

वहीं परविंदर के परिजन लगातार इस मांग पर अड़े हुए हैं कि जब तक इस मामले की जांच CBI को नहीं सौंप दी जाती और सीएम भगवंत और DGP गौरव यादव इस्तीफा नहीं दे देते तब तक वह परविंदर का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस मामले का संज्ञान लेते हुए चीफ सेक्रेटरी और DGP से रिपोर्ट मांगी है।

हत्या का वीडियो भी आया था सामने

बता दें कि पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ बड़े पैमाने पर सामाजिक मुहिम चला रहे थे। राज्य में नशा विरोधी अभियान चलाने वाले परविंदर की मंगलवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब झोटा अपने साथियों के साथ मानसा क्षेत्र में मौजूद थे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।

परविंदर को टारगेट करके किया हमला

चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने परविंदर को निशाना बनाकर बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं थीं। अचानक हुए इस हमले में झोटा के पेट और पांव में गंभीर गोलियां लगीं, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और उनके साथियों ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परविंदर सिंह झोटा को मृत घोषित कर दिया। इस हमले में तीन अन्य युवक घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ें: संपादकीय | नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा कौन करेगा?

पंजाब में मादक पदार्थों की वजह से खड़ी जटिल समस्या पहले ही एक व्यापक चिंता की वजह बन चुकी है। अब वहां इस प्रवृत्ति के खिलाफ स्थानीय लोग भी सक्रिय हो रहे हैं। मगर पंजाब के मानसा जिले में मंगलवार को नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या की घटना ने फिर यही साबित किया है कि वहां मादक पदार्थों के तस्कर न सिर्फ पुलिस और कानून से बेखौफ अपना धंधा चला रहे हैं, बल्कि अगर कोई व्यक्ति उनकी अवैध गतिविधियों पर सवाल उठाता है, तो वे उसकी हत्या तक कर देते हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…