पंजाब सरकार के हालिया एक आदेश को लेकर राज्य की सियासत में बवाल मचा हुआ है। दरअसल, भगवंत मान सरकार ने हाल ही में यह आदेश दिया था कि राज्य के 3602 सरकारी स्कूलों को नीले और पीले रंग से रंगा जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए इस आदेश को लेकर अब राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। विपक्षी दलों ने स्कूलों में होने वाले पीले और नीले रंग पर आपत्ति जताई है।

विपक्ष का कहना है कि स्कूलों में होने वाले नीला और पीला रंग सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के झंडे के रंगों जैसा है। हालांकि, शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूलों में रंग-रोगन और मरम्मत का काम योजना के तहत किया जा रहा है और रंगों के सेलेक्शन के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है।

इस काम के लिए 80.45 करोड़ रुपये होंगे खर्च

पंजाब शिक्षा विभाग की ओर से 1 अक्टूबर को जारी आदेश में कहा गया था कि राज्य के 3602 सरकारी स्कूलों में व्हाइट वॉश और कलर कोडिंग का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस काम के लिए कुल 80.45 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह काम ‘कन्वर्टिंग गवर्नमेंट स्कूल्स इनटू स्मार्ट स्कूल्स स्कीम’ के तहत किया जाएगा। आदेश के मुताबिक, स्कूलों के लिए ‘एग कस्टर्ड’ और ‘इनामेल रैप्सडी’ शेड्स निर्धारित किए गए हैं।

स्कूलों में कहां कौन सा रंग होगा?

डायरेक्टर जनरल ऑफ स्कूल एजुकेशन (DGSE) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, चयनित स्कूलों की बाहरी इमारतों को सफेद करने के साथ-साथ निर्धारित रंगों से पेंट किया जाएगा। इनमें स्कूल के बरामदे और कॉरिडोर भी शामिल हैं। आदेश के साथ स्कूलों की प्रस्तावित रंग योजना का एक ग्राफिकल डिजाइन भी दिया गया है। इसमें स्कूल की बाहरी दीवारों को पीले और नीले रंग के कॉम्बिनेशन में दिखाया गया है।

किस जिले में कितने स्कूल होंगे पेंट?

इस योजना के तहत अलग-अलग श्रेणियों के कुल 3602 सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया है। इनमें— 764 हाई स्कूल, 411 मिडिल स्कूल, 1,895 प्राइमरी स्कूल और 532 सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। जिलावार देखें तो अमृतसर में 334 स्कूल इस कलर कोडिंग के दायरे में हैं। इसके बाद पटियाला में 326, लुधियाना में 261, गुरदासपुर में 240, होशियारपुर में 236 और जालंधर में 231 स्कूलों में यह काम किया जाएगा। इसके अलावा तरनतारन में 192, फिरोजपुर में 164, संगरूर में 144, फतेहगढ़ साहिब में 131, बठिंडा में 117, रोपड़ में 80 और अन्य जिलों के स्कूल भी इस योजना में शामिल हैं।

इस आदेश पर विपक्षी दलों का कहना है कि इन रंगों का चयन आम आदमी पार्टी के झंडे में इस्तेमाल होने वाले रंगों को ध्यान में रखकर किया गया है। वहीं शिक्षा विभाग ने रंगों के चयन के पीछे किसी भी राजनीतिक उद्देश्य से इनकार किया है।

यह भी पढ़ें: पंजाब में AAP नेता को चूना लगा गई ‘लुटेरी दुल्हन’, PCS अफसर बताकर की शादी; 14 तोले सोना और 1 लाख कैश लेकर फरार

‘लुटेरी दुल्हन’ के अभी तक आपने बहुत से किस्से सुने होंगे जहां शादी के बाद महिला अपने पति और ससुरालवालों को चूना लगाकर फरार हो गई। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक आम आदमी पार्टी के नेता के साथ कथित रूप से कुछ ऐसा ही हुआ है। दरअसल, AAP नेता अमरिंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने इसी साल फरवरी में जिस महिला से शादी की थी उसने खुद को PCS अफसर बताया था, लेकिन शादी के 6 महीने के भीतर उसकी सारी पोल खुल गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…