पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक बाद फिर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट पर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को कहा कि भले ही वह पद से हट गए हैं या प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट देने से इनकार कर दें, लेकिन वह राहुल गांधी के सिपाही के रूप में कांग्रेस का झंडा बुलंद करते रहेंगे। लुधियाना से लोकसभा सदस्य अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने यह भी स्वीकार किया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए पार्टी में कई लोग उनके खिलाफ थे और हो सकता है कि वे आगे भी ऐसा करते रहें।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इस टिप्पणी को प्रदेश इकाई में उनके आलोचकों पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि वह पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह को पूरा समर्थन देंगे।
परगट सिंह ने संभाला कार्यभार
परगट सिंह ने रविवार को कांग्रेस भवन में आयोजित एक समारोह में कार्यभार संभाला, जिसमें सचिन पायलट समेत कई अन्य लोग भी शामिल हुए। समारोह से पहले अमरिंदर वड़िंग ने सेक्टर 15 स्थित पार्टी मुख्यालय के पास सेक्टर 10 में किराये के एक मकान में बैठक की। इसमें कांग्रेस नेता ब्रह्म मोहिंद्रा, राणा के. पी. सिंह, सुरिंदर डावर, अनिल जोशी, सिमरजीत सिंह बैंस, हरदयाल कंबोज, मालविका सूद और उनके समर्थक शामिल हुए। इस बैठक को वड़िंग के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस आलाकमान के 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले नेतृत्व में बदलाव का फैसला करने के बाद अमरिंदर वड़िंग ने एक अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस प्रमुख का पद छोड़ दिया। रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए वड़िंग ने कहा कि पंजाब में अगली सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर कांग्रेस एकजुट है। उन्होंने कहा, “इसके अलावा कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है। राजा वडिंग भले ही पद से हट गया हो, लेकिन मेरा काम पार्टी का झंडा बुलंद रखना है।”
राहुल गांधी का सिपाही हूं- वड़िंग
कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में सचिन पायलट की मौजूदगी में वड़िंग ने कहा कि वह राहुल गांधी के सिपाही हैं। उन्होंने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि कई लोग राजा वड़िंग के खिलाफ थे और आगे भी ऐसा कर सकते हैं। लेकिन मैं किसी का विरोध नहीं कर रहा हूं।”
कुछ दिन पहले राजा वडिंग ने कहा था, “राजनीति में काफी लंबे समय से हूं तो, मुझे लगता है कि सचिन पायलट को लगा होगा कि राजा की छुट्टी करनी चाहिए, लगता है, मेरे पास इसका कोई पुख्ता सबूत तो नहीं है। लेकिन शायद महासचिव को लगा होगा कि राजा को हटा दिया जाना चाहिए, इसके अलावा, कोई खास मुद्दा नहीं है। मेरा तो पायलट से काफी पुराना रिश्ता रहा है करीब 20-22 साल का, उनसे मेरी बात एक-दो बार हुई होगी किसी काम से, लेकिन किसे उतारना है किसे रखना है मेरी इस पर कोई बात नहीं हुई कभी।”
यह भी पढ़ें- ‘बेखौफ घूम रहे हैं अपराधी…’
पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और मुख्यमंत्री हंसी-मजाक करने में व्यस्त हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
