पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल इस समय नांदेड़ के एक अस्पताल में भर्ती हैं। नांदेड़ के डीसी डॉ. राहुल कार्डले ने मीडिया को बताया कि सुखबीर सिंह बादल और उनकी सुरक्षा में तैनात एक जवान को मामूली चोट आई है। दोनों की हालत अभी स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
नांदेड़ के डीसी डॉ. राहुल कार्डले ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट आई है। उनका हाथ के निचले हिस्से में लगभग चार से पांच सेंटीमीटर का घाव है और डॉक्टर अभी उनका इलाज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के PSI के भी हाथ में चोट आई है।
निजी दौरे पर नांदेड़ आए थे सुखबीर बादल
डॉ. राहुल कार्डले ने बताया कि सुखबीर बादल निजी दौरे पर नांदेड़ आए थे। कलेक्टर ऑफिस को उनके दौरे की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी लेकिन क्योंकि उनके पास Z-प्लस सुरक्षा है, इसके लिए उन्हें पूरी पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने की हरसिमरत कौर बादल से बात
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने हरसिमरत कौर बादल से उनके पति सुखबीर बादल की तबीयत को लेकर फोन पर बाद की है। हरसिमरत कौर भी इस समय नांदेड़ में हैं।
भारत सरकार करवाए सीबीआई जांच- बिक्रम सिंह मजीठिया
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत सरकार को इस मामले में CBI जांच का आदेश देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हमलावर सुखबीर बादल के दिल में मारना चाहता था लेकिन उनके हाथ में चोट आई।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सुखबीर बादल पर यह दूसरा हमला है, इससे पहले उनपर गोल्डन टेंपल में हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़नवीस और भारत सरकार को तुरंत इस मामले की सीबीआई जांच करवाने का आदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल पर 2024 में हुए हमले की जांच होनी चाहिए।
गुरु घर के अंदर ऐसा नहीं होना चाहिए था- हरमीत सिंह कालका
दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि बेशक उनके सियासी तौर मतभेद हों लेकिन गुरु घर में किसी पर भी ऐसा हमला बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि निहंग सिखों को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और पता लगाना चाहिए कि हमलावर किस गुट का था।
यह भी पढ़ें: पहले भी हो चुका है सुखबीर बादल पर हमला
दिसंबर 2024 में सुखबीर बादल पर गोल्डन टेंपल में हमला हुआ था। टेलीविजन पर वायरल वीडियो में बादल (62) एक पैर की हड्डी टूटने की वजह से ‘व्हीलचेयर’ पर बैठकर सेवा करते दिखते हैं। उसी दौरान हमलावर धीरे-धीरे उनकी ओर बढ़ता और अपनी जेब से हथियार निकालता दिखता है। वीडियो देखने के लिए क्लिक करें।
