पंजाब में भगवंत मान की सरकार को अब अपने ही विधायकों के असंतुष्टि का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के विधायक के विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना भी उन विधायकों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भगवंत मान सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए हैं।
आम आदमी पार्टी ने शनिवार को मौर से विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई उनके उस भावुक वीडियो जारी करने के करीब एक घंटे बाद हुई, जिसमें उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया था।
मैसरखाना ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर उन्होंने कई बार सरकार और पार्टी नेतृत्व से शिकायत की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सामने भी यह मुद्दा उठाया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
खास बात यह है कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में मैसरखाना इकलौते ऐसे विधायक हैं, जिनके दोनों बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि जिन सरकारी स्कूलों में उनके बच्चे पढ़ रहे हैं, वहां भी शिक्षकों की कमी है। उन्होंने सरकार से इस समस्या को दूर करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि मैं स्कूलों के खिलाफ नहीं लड़ रहा हूं, बल्कि स्कूलों के लिए लड़ रहा हूं। उन्होंने कहा कि स्कूलों की मौजूदा स्थिति को अब और स्वीकार नहीं कर सकते। मैसरखाना ने यह भी पूछा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ क्या गलत किया है और यह भी संकेत दिया कि फरवरी 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं दिया जा सकता है।
मैसरखाना के इन बयानों को लेकर कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भाजपा समेत विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। विपक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अपने विधायक ने राज्य में शिक्षा क्रांति लाने के सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आम आदमी पार्टी ने मैसरखाना के आरोपों को निराधार और झूठा बताते हुए खारिज कर दिया और उन पर पार्टी को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी में असंतोष
मैसरखाना ऐसे पहले आम आदमी पार्टी के विधायक नहीं हैं, जिन्होंने पार्टी और सरकार के कामकाज पर खुले तौर पर सवाल उठाए हैं।
सितंबर 2025 में सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने बाढ़ से निपटने के सरकार के तरीके की आलोचना की थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के दिल्ली नेतृत्व के हस्तक्षेप पर भी आपत्ति जताई थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई। पटियाला पुलिस ने उन्हें तीन साल पुराने मामले में दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में भी आरोपी बनाया। पठानमाजरा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए सरकार पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया। हालांकि,आम आदमी पार्टी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।
इससे पहले जून 2025 में अमृतसर नॉर्थ के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह को आम आदमी पार्टी ने पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था। उन्होंने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी का विरोध किया था और विजिलेंस ब्यूरो की छापेमारी के तरीके पर सवाल उठाए थे।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों का भाजपा में शामिल होना
आम आदमी पार्टी के अंदर असंतोष की चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब अप्रैल में पार्टी को बड़ा झटका लगा था। आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में चले गए थे। इनमें पंजाब से राघव चड्ढा, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, राजिंदर गुप्ता, अशोक मित्तल और हरभजन सिंह समेत छह सांसद शामिल थे। इन सांसदों ने दलबदल कानून में मौजूद दो-तिहाई प्रावधान का हवाला दिया और भाजपा में उनके विलय को राज्यसभा के सभापति ने स्वीकार कर लिया।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। अब राज्यसभा सांसदों के दल बदलने और कुछ विधायकों के सार्वजनिक रूप से असहमति जताने के मुद्दे को विपक्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उठा रहा है।
विपक्ष का हमला
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि मैसरखाना ने आम आदमी पार्टी सरकार के शिक्षा क्रांति के दावों और कथित तानाशाही को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैसरखाना आम आदमी पार्टी के अकेले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूल में कराया है। परगट सिंह के मुताबिक, मैसरखाना ने अब सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और सुविधाओं की कमी तथा अपनी मांगों की अनदेखी किए जाने की बात सामने रखी है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब और उसके लोगों से जुड़े मुद्दों पर आम आदमी पार्टी के किसी विधायक की आवाज सुनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार को दिल्ली के आम आदमी पार्टी के नेता चला रहे हैं और राज्य के हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है। परगट सिंह ने दूसरे आम आदमी पार्टी विधायकों से भी पंजाब के मुद्दों पर खुलकर बोलने की अपील की।
आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने पार्टी का बचाव करते हुए कहा कि असहमति परिवारों में भी होती है, लेकिन अगर किसी नेता को कोई समस्या या असंतोष है तो उसे पार्टी के अंदर उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं को अनुशासन में रहना चाहिए और अगर कोई नेता सार्वजनिक रूप से पार्टी के खिलाफ असहमति जाहिर करता है, तो पार्टी को अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अधिकार है।
पंजाब के AAP विधायक ने उठाया था शिक्षकों की कमी का मुद्दा, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता
आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना ने शनिवार को अपनी पार्टी के नेतृत्व और पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि वे उनके निर्वाचन क्षेत्र के कुछ सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने सुखवीर सिंह मैसरखाना के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर।
