कांग्रेस हाईकमान द्वारा अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बरकरार रखने के फैसले का पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के गुट ने विरोध किया है। इस विरोध को शांत करने के लिए पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और एआईसीसी के महासचिव भूपेश बघेल ने कई दिनों से पंजाब में डेरा डाला हुआ है।

चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी ने 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन कमेटी का प्रमुख बनाया था लेकिन चन्नी और उनके समर्थक इससे खुश नहीं हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए इंटरव्यू में भूपेश बघेल ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी से लेकर तमाम मुद्दों पर बात की। बघेल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है।

एक सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि चन्नी और उनके समर्थकों ने नेतृत्व परिवर्तन को लेकर उनके सामने कोई मांग नहीं रखी है। उन्होंने दोहराया कि एक बार पार्टी हाई कमान ने फैसला कर लिया तो यह अंतिम है और इस तरह के फैसले बार-बार नहीं बदले जाते।

आप दिल्ली में बैठे हैं…

जब बघेल से यह सवाल किया गया कि चन्नी गुट ने आप पर राजा वड़िंग का पक्ष लेने का आरोप लगाया है तो बघेल ने कहा, “जब आप मुझसे मिलने आएंगे तभी हमारी मुलाकात हो पाएगी… आप दिल्ली में बैठे हैं और फिर कह दें कि आप भूपेश से नहीं मिल पाए। यह गलत है। अगर आप आते हैं और मैं आपसे नहीं मिलता, तो आपकी शिकायत जायज है।”

कांग्रेस में कोई छोटा या बड़ा नहीं

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस में कोई भी छोटा या बड़ा नहीं है। बघेल ने इस बात पर जोर दिया कि पंजाब कांग्रेस में कोई बगावत नहीं है, हां प्रतिस्पर्धा की भावना जरूर है। बघेल के मुताबिक, पंजाब कांग्रेस के नेताओं को ऐसा लगता है कि उन्हें मौका मिलने पर वे जी-जान से मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए अहम है और हर कोई करो या मरो वाले मोड में है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट है और यहां के लोगों के मन में जो कुछ होता है वह सीधे-सीधे कह देते हैं। भूपेश बघेल ने कहा, ‘हमने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी है और जमीनी स्तर पर भी काम कर रहे हैं। हम बूथ और पन्ना प्रमुखों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, हमें संगठन की ताकत और राहुल गांधी के नेतृत्व के दम पर चुनाव लड़ना होगा।’

केजरीवाल और सिसोदिया को बताया राहु और केतु

एआईसीसी महासचिव बघेल ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी को अपना घर बचाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के सिर पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के रूप में राहु और केतु बैठे हैं और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और पंजाब के लोग इसे देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें- कलह को खत्म करने के लिए आगे आया हाईकमान

पंजाब कांग्रेस में शुरू हुई कलह को खत्म करने के लिए हाईकमान ने दखल दिया है। कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से इस मुद्दे को आगे न बढ़ाने का आग्रह किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।