Punjab Congress Pargat Singh: परगट सिंह को दो अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले पंजाब कांग्रेस में लगातार लड़ाई चल रही थी और इससे पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर चुनौती सामने आ रही थी।
परगट सिंह के रूप में कांग्रेस हाई कमान ने एक ऐसे शख्स को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जो पंजाब कांग्रेस के दोनों विरोधी गुटों को काफी हद तक स्वीकार्य है। इन दोनों गुटों में से एक गुट का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और दूसरे गुट का नेतृत्व अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के हाथ में है।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग परगट सिंह से पहले पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष थे।
परगट सिंह से मिले चन्नी और वड़िंग
कांग्रेस हाईकमान के ऐलान के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने नई दिल्ली में परगट सिंह से मुलाकात की। परगट सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उनकी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से भी मुलाकात हुई है।
परगट सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि वह पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के साथ अमृतसर जा रहे हैं। परगट सिंह ने कहा कि वे दोनों रामतीर्थ मंदिर के साथ ही दुर्गियाना मंदिर और सेंट पॉल चर्च भी जाएंगे।
परगट सिंह 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे। परगट सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करते हुए हम सभी पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए एकजुट होंगे।
चन्नी और रंधावा थे वड़िंग के खिलाफ
ना सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बल्कि गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई नेताओं ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने की मांग की थी। इन नेताओं का कहना था कि वड़िंग अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व कर पाने में सक्षम नहीं हैं।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से पहले कांग्रेस हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी के पद से हटा दिया था। हाई कमान ने सचिन पायलट को प्रभारी बनाया था।
पायलट ने प्रभारी बनने के बाद पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बातचीत की और उनसे फीडबैक लिया। उधर, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि चन्नी साहब जीत गए हैं। उन्होंने इस बात का भी संकेत दिया था कि पायलट चाहते थे कि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हट जाएं।
पंजाब कांग्रेस में कई नेता हाई कमान के फैसले को किसी गुट की जीत के बजाय एक समझौते के तौर पर देख रहे हैं। कांग्रेस के एक नेता ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “चन्नी या रंधावा को आगे बढ़ाने से संगठन किसी एक मुख्यमंत्री पद के दावेदार वाले गुट से जुड़ जाता और इससे (पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता) प्रताप सिंह बाजवा समेत दूसरे नेताओं के नाराज होने का खतरा हो सकता था।”
विजय इंदर सिंगला भी थे दौड़ में
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के हिंदू चेहरे और पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला भी प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में थे लेकिन गांधी परिवार के करीबी एक वरिष्ठ नेता ने आखिरी समय में उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया। आखिरकार कांग्रेस ने परगट सिंह को इस पद के लिए चुना।
चन्नी की सरकार में मंत्री थे परगट सिंह
परगट सिंह जालंधर कैंट से तीन बार विधायक और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। वह चन्नी के सीएम रहते हुए शिक्षा और खेल मंत्री रहे थे। हालांकि उन्हें मोटे तौर पर चन्नी गुट के साथ माना जाता है लेकिन वे चन्नी और वड़िंग के बीच हुए झगड़े से काफी हद तक दूर रहे थे।
परगट सिंह को क्यों चुना गया?
कांग्रेस के भीतर परगट सिंह की साफ-सुथरी और विवादों से दूर रहने वाले शख्स की छवि को देखते हुए उन्हें सभी गुटों के लिए स्वीकार्य माना गया। वह दोआबा के इलाके से आते हैं और जाट सिख समुदाय से हैं। उन्हें अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने अपने समीकरण को संतुलित करने की कोशिश की। इससे पार्टी के सामाजिक समीकरण में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।
चन्नी और रंधावा ने हाईकमान के इस फैसले का स्वागत किया जबकि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने परगट सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दीं। परगट सिंह ने कहा कि विचारों में मतभेद होना सामान्य बात है और गुटबाजी सिर्फ एक नैरेटिव है। उन्होंने यह भी कहा कि वड़िंग समेत पार्टी के हर वरिष्ठ नेता की संगठन में भूमिका है।
पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने के बाद ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को दिए एक इंटरव्यू में परगट सिंह ने कहा था कि पार्टी कार्यकर्ताओं का पंजाब और कांग्रेस के बाहर कोई वजूद या औकात नहीं है और संगठन का एकमात्र लक्ष्य 2027 का चुनाव जीतना है।
कई नेता बनना चाहते हैं सीएम
पंजाब कांग्रेस में दिख रही शांति सिर्फ कुछ समय के लिए भी हो सकती है। पंजाब में कई नेता अभी भी मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं और पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी का पुराना इतिहास रहा है। टिकट बंटवारे, चुनाव प्रचार की रणनीति और संगठन पर कब्जे के मुद्दों को लेकर झगड़ा होता रहा है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान को क्यों चुना?
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद पार्टी ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। दिल्ली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद वड़िंग ने इस बदलाव के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट को जिम्मेदार ठहराया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
