Mumbai Pune Expressway News: सोमवार तड़के हुए भूस्खलन के बाद मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में मुंबई से पुणे जाने वाली लेन पर यातायात बहाल कर दिया गया है। हालांकि, पुणे से मुंबई जाने वाला मार्ग अभी भी बंद है। इस दिशा में वाहनों को पुराने मुंबई–पुणे हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-48) से डायवर्ट किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर भी चरणबद्ध तरीके से यातायात सामान्य किया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें। इसके साथ ही जारी मरम्मत कार्य के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
भारी बारिश के चलते पुणे-मुंबई यातायात प्रभावित
गौर करने वाली बात है कि भारी बारिश के चलते सोमवार तड़के पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराने पुणे-मुंबई हाईवे पर यातायात रोक दिया गया था। लगातार बारिश से पानी भरने के कारण मिसिंग लिंक (कनेक्टिंग लिंक) सेक्शन में भूस्खलन हुआ और वहां बनी रिटेनिंग (सहारा देने वाली) दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
राज्य राजमार्ग पुलिस के अनुसार, भूस्खलन सोमवार तड़के एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर पहले सुरंग (टनल) के अंत में हुआ। इस हादसे में वहां की रिटेनिंग वॉल को भी नुकसान पहुंचा।
भारी बारिश के कारण भोर घाट खंड में भूस्खलन होने के बाद मुंबई और पुणे के बीच रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इसके अलावा टनल 2 के निकास द्वार के पास भूस्खलन के बाद खोपोली-कुसगांव मिसिंग लिंक के पुणे से मुंबई जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है।
पुराना पुणे-मुंबई हाईवे भी बंद
पुराने पुणे-मुंबई हाईवे पर एक पेड़ गिरने से बिजली की लाइन को भारी नुकसान पहुंचा जिसके बाद इस मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया। वहीं कई जगहों पर सड़क पर घुटनों तक पानी भरने की भी खबर है।
राज्य राजमार्ग पुलिस ने कहा, ”अगले आदेश तक पुणे-मुंबई और मुंबई-पुणे, दोनों दिशाओं में यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नागरिकों से अपील है कि अगली सूचना तक पुणे और मुंबई के बीच यात्रा न करें।”
पुलिस ने आगे कहा, ”जो लोग यात्रा की योजना बना रहे हैं, वे फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित कर दें और सरकार व संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी और अपडेट का पालन करें। जनहित और सुरक्षा के लिए सभी से सहयोग की अपील है।”
यह फैसला क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उठाया गया है। बारिश के कारण कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है और सड़क व रेल यातायात में भी बाधाएं आई हैं।
ट्रेन सेवाओं पर भी असर
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच हुए भूस्खलन के कारण रेलवे यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस घटना के चलते 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया जबकि कई ट्रेनों का मार्ग बदलना पड़ा। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते से ही रवाना (शॉर्ट ओरिजिनेट) किया गया और कुछ का सफर तय गंतव्य से पहले ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) कर दिया गया।
मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3 बजे पुणे–लोणावला घाट सेक्शन के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भी भूस्खलन हुआ। इसके चलते दोनों दिशाओं में रेल यातायात प्रभावित हो गया।
लोनावाला और करजत के बीच साउथ ईस्ट घाट में हुए भूस्खलन के चलते इन ट्रेनों को रद्द किया गया है:
- – ट्रेन संंख्या 22105 सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12169 पुणे-सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12170 सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 22106 पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12127 सीएसएमटी-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12128 पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11007 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11008 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12124 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन
-ट्रेन संंख्या 12123 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन क्वीन
-ट्रेन संंख्या 12126 पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 12125 सीएसएमटी-पुणे प्रगति एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11010 पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11009 सीएसएमटी-पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11011 सीएसएमटी-धुले एक्सप्रेस
-ट्रेन संंख्या 11012 धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस
इन ट्रेनों का बदला गया रूट
रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग भी बदल दिया है। इनमें शामिल हैं-
-ट्रेन संंख्या 11049 अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस (कल्याण-इगतपुरी-मनमाड-दौंड कॉर्ड लाइन-पुणे मार्ग से)
– ट्रेन संंख्या 22944 इंदौर-दौंड एक्सप्रेस (कल्याण-इगतपुरी-मनमाड-दौंड मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 12297 अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस (कल्याण-इगतपुरी-मनमाड-दौंड कॉर्ड लाइन-पुणे मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 22144 बीदर–सीएसएमटी एक्सप्रेस (दौंड-मनमाड-इगतपुरी-कल्याण मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 17614 हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस (दौंड-मनमाड-इगतपुरी-कल्याण मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 20915 चारलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस (दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 16554 एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस (करजात-पनवेल-कल्याण-कसारा-इगतपुरी-मनमाड-दौंड मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 22193 दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (लोनावला-पुणे-दौंड कॉर्ड लाइन-अंकाई-भुसावल-खंडवा मार्ग से)
-ट्रेन संंख्या 22158 चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी एक्सप्रेस (दौंड कॉर्ड लाइन-अंकाई-मनमाड-इगतपुरी-कसारा-कल्याण होते हुए सीएसएमटी तक)
