Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पूरा परिवार गमगीन है और अब केतन की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है और बेटे के लिए न्याय की मांग की है।
केतन की मौत को पहले एक आकस्मिक दुर्घटना माना गया था, लेकिन पुणे पुलिस ने अपनी जांच के बाद इसे साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया था।
केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी से भावुक अपील की है कि केतन की मौत का मामला केवल एक केस बनकर ही न रह जाए। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दी जाए।
पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में बताया गया कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर 18 जून को लोहागढ़ किले की चट्टान से धक्का देकर केतन की हत्या करने की साजिश रची थी। इन दोनों को ही 23 जून को गिरफ्तार कर लिया था।
‘बेटे का किया अंतिम संस्कार’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक ईमेल में केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने लिखा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मुझे अपने बेटे के लिए न्याय मांगने के लिए आपको पत्र लिखना पड़ेगा। हर मां की तरह, मैंने भी केतन को एक खुशहाल जीवन बनाते, शादी करते और हमारे साथ बूढ़ा होते देखने का सपना देखा था।”
उन्होंने लिखा, “मुझे अपने बच्चे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। एक मां के लिए इससे बड़ा दर्द और कोई नहीं हो सकता। मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और उसके साथ ही मेरी पूरी दुनिया थम गई है।”
राखी अग्रवाल ने लिखा, “हमारे घर का हर कोना मुझे उसकी (केतन) याद दिलाता है। उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें और उसकी हंसी की जगह छाई खामोशी मुझे हर दिन याद दिलाती है कि वह कभी वापस नहीं आएगा।”
खो दीं दो पीढ़ियां – राखी अग्रवाल
केतन अग्रवाल की मां ने लिखा, “केतन की मृत्यु के ठीक 20 दिन बाद मेरे ससुर जी के देहांत से हमारे परिवार को एक और दिल दहला देने वाला आघात लगा। वह केतन से बहुत प्यार करते थे और अपने पोते को खोने का दुख सहन नहीं कर सके। कुछ ही दिनों में हमारे परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया।”
केतन अग्रवाल की मौत को लेकर दुखी राखी अग्रवाल ने कहा, “मोदी जी, मैं सिर्फ एक मां हूं। मैं आपसे सहानुभूति या कोई विशेष कृपा नहीं मांग रही हूं। मैं सिर्फ न्याय मांग रही हूं। न्याय के बिना हर दिन हमारा दर्द और गहराता जा रहा है। केतन वापस नहीं आ सकता, लेकिन उसकी जान लेने वालों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मैं बस इतना चाहती हूं कि मेरे बेटे को न्याय मिले।”
पीएम मोदी से न्याय की उम्मीद
उन्होंने कहा, “हाथ जोड़कर मैं आपसे विनम्र निवेदन करती हूँ कि कृपया मेरे बेटे के मामले पर उचित ध्यान दिया जाए और बिना किसी अनावश्यक देरी के न्याय दिलाया जाए। कृपया केतन को महज एक और मामला बनकर न रह जाने दें। वह किसी का बेटा था, किसी का पोता था, किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।”
उन्होंने लिखा, “हर रात मैं उसकी तस्वीर देखती हूँ और कहती हूँ, ‘बेटा, तुम्हारी माँ अब भी तुम्हारे लिए लड़ रही है।’ मैं प्रार्थना करती हूं कि एक दिन मैं उसे बता सकूँ, ‘बेटा… तुम्हें आखिरकार न्याय मिल गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि तुम एक शोकाकुल मां की आवाज़ सुन पाओगे’।”
सलाखों के पीछे केतन की हत्या के कथित आरोपी
बता दें कि केतन अग्रवाल और सिया गोयल की 19 फरवरी को सगाई हुई थी। इस साल के अंत में ही उनकी शादी भी प्रस्तावित थी। पुलिस के मुताबिक, सिया पिछले साल अक्टूबर से चेतन के साथ रिश्ते में थी और केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस हिरासत में 10 दिन बिताने के बाद, सिया और चेतन को अदालत द्वारा 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और वे वर्तमान में जेल में बंद हैं।
यह भी पढ़ें: क्या केतन की हत्या से पहले सिया और चेतन गुप्त रूप से कर चुके थे शादी? व्हाट्सऐप चैट की जांंच कर रही पुलिस
पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब पुलिस इस बात की जांंच कर रही है कि क्या सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन अग्रवाल ने हत्याकांड को अंजाम देने से कुछ महीने पहले चुपचाप शादी की थी। पढ़िए पूरी खबर…
