Lohagad Fort Murder: केतन अग्रवाल मर्डर मामले में पुलिस एक्शन में है। मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि लोहागढ़ फोर्ट में 25 साल के केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में, उनकी मंगेतर सिया गोयल ने जमीन पर बैठकर पहले से तय इशारा किया था। इस इशारे के बाद उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को पहाड़ी से नीचे धक्का दे दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने एक सोची-समझी साजिश का पता लगाने के बाद 23 जून को सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं के अनुसार, सिया और केतन की सगाई 19 फरवरी को हुई थी और उनकी शादी इसी साल होनी थी। हालांकि, सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।

दोनों आरोपियों को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांचकर्ताओं ने सिया के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।

सिया ने केतन का पासपोर्ट का चुरा लिया था

पुलिस का दावा है कि सिया ने पहले बाली में होने वाले प्री-वेडिंग शूट को खराब कर दिया था। उसने केतन का पासपोर्ट चुरा लिया था और बाद में उसे पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल के वॉशरूम में फेंक दिया था। जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि वह 31 मई और 14 जून को केतन को लोहागढ़ किले ले गई थी और फिर 18 जून को उसके साथ वापस लौटी। इसी दिन उसने और चेतन ने केतन को पश्चिमी पहाड़ी से धक्का देकर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि सिया ने 4 जून को केतन को किले पर ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन केतन की मां के विरोध के कारण वह ट्रिप रद्द हो गई थी।

सिया और चेतन ने तय किया था एक इशारा

जांच से जुड़े एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हमारी जांच से पता चलता है कि सिया और चेतन ने एक इशारा तय किया था, जिसके बाद चेतन को केतन को पहाड़ी से धक्का देना था। यह इशारा सिया का जमीन पर बैठना था। जब सिया और चेतन उस जगह पहुंचे, तो चेतन पहले से ही वहां मौजूद था और शक से बचने के लिए कुछ दूरी बनाए हुए था। एक समय जब सिया जमीन पर बैठी, तो चेतन पीछे से आया और उसने केतन को पहाड़ी से धक्का दे दिया।”

अधिकारी ने कहा, “जांच से पता चलता है कि उस सिग्नल के पीछे एक खास वजह थी। ऐसी संभावना थी कि जब केतन को धक्का दिया जाए, तो वह सहारे के लिए सिया को पकड़ ले। इसलिए सिग्नल में उसका बैठना शामिल था और वह भी केतन से कुछ दूरी पर। इससे यह भी पता चलता है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया मर्डर था।”

अधिकारियों ने बताया कि केतन के परिवार ने आरोप लगाया था कि 31 मई को लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान सिया ने उसे पहाड़ी से नीचे धकेलने की कोशिश भी की थी। परिवार का दावा है कि केतन किसी तरह एक झाड़ी को पकड़ने में कामयाब रहा, जिसके बाद सिया ने कहा कि उसने एक सांप देखा था और उसे बचाने के लिए ही उसने उसे एक तरफ धकेला था।

पुलिस ने क्राइन सीन को किया रिक्रिएट

रविवार सुबह पुणे ग्रामीण पुलिस ने लोहगढ़ किले में क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट किया। इस दौरान सिया को उस जगह ले जाया गया जहां उस पर और चेतन पर केतन को धक्का देने का आरोप है। उससे कहा गया कि वह किले में पहुंचने के समय से अपनी हरकतों को दोहराए, उस रास्ते की पहचान करे जिससे वे गए थे, उस सही जगह को दिखाए जहां केतन को कथित तौर पर धक्का दिया गया था और घटना से पहले और बाद की घटनाओं का क्रम बताए।

पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर दोष मढ़ने की कोशिश की। जहां चौधरी ने दावा किया कि वह गोयल के साथ भागना चाहता था और मर्डर की साजिश उसी की थी, वहीं गोयल का कहना था कि साजिश चौधरी की थी और उसने आरोप लगाया कि 14 जून को किले की यात्रा के दौरान अग्रवाल को मारने में नाकाम रहने के बाद वह टूट गया था।

यह भी पढ़ें: ‘परिवार का सामना करने से ज्यादा आसान केतन को मारना था’, पुणे पुलिस के सामने सिया गोयल का चौंकाने वाला कबूलनामा

लोहागढ़ फोर्ट मर्डर केस में आरोपी सिया गोयल ने बड़ा खुलासा किया है। सिया गोयल ने हिरासत में पूछताछ के दौरान दावा किया कि अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को मारना, अपने परिवार को यह बताने से आसान था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती। पुणे पुलिस के मुताबिक सिया गोयल ने यह भी दावा किया कि वह केतन अग्रवाल को इसलिए नापसंद करती थी क्योंकि वह विग पहनता था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…