Rahul Gandhi News: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की विशाल रैली में शामिल होने वालों से अपील की है कि वे दिल्ली के बाजारों में जाकर त्योहारों की खरीदारी करें और स्थानीय दुकानदारों का समर्थन करें। व्यापार संघों ने आर्थिक कामकाज में संभावित रुकावटों को लेकर चिंता जताई थी, जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि इस बड़े प्रदर्शन से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि उन्हें आर्थिक फायदा ही होगा और उनकी त्योहारों की बिक्री बढ़ेगी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्यौहारों का मौसम है। दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें।”
साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आगे कहा, “प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए – व्यापारियों का फायदा हो जाएगा। मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी। बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफवाह फैला रही है। मगर, दोनों काम करते हैं। मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान खरीदेंगे। आप सबको बहुत-बहुत प्यार।”
दिल्ली के व्यापारियों ने जताई थी चिंता
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने पहले ही इस प्रदर्शन के समय और जगह को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी। चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस कारोबारी संगठन ने आशंका जताई कि इतने बड़े पैमाने पर होने वाली राजनीतिक भीड़ से स्थानीय आवाजाही ठप हो सकती है और त्योहारों की खरीदारी के पीक सीजन में व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
व्यापारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लाने वाली हजारों बसें और निजी गाड़ियां पुरानी दिल्ली की तंग गलियों को पूरी तरह जाम कर सकती हैं। उन्होंने राजनीतिक नेताओं से आग्रह किया कि वे या तो इस प्रदर्शन को टाल दें या फिर इसे व्यापारिक केंद्रों से दूर किसी दूसरी जगह पर आयोजित करें।
यह भी पढ़ें: ‘हम अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे’, राहुल के बाद अब सोनिया गांधी से CTI ने लगाई गुहार, रैली टालने का आग्रह
दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने शुक्रवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से आग्रह किया कि वे एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की प्रस्तावित मेगा रैली को टाल दें। सीटीआई ने चेतावनी दी कि इस रैली के कारण राजधानी के 20 बाजारों में 10000 से 12000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
